डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कविराव परिवार की हवेली पर मोखाण पधार प्राचीन परम्परा को जीवंत रखा

Dr. Lakshyaraj Singh Mewar kept an ancient tradition alive by visiting the Kavirav family's *haveli* for the *Mokhan* ceremony.

डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कविराव परिवार की हवेली पर मोखाण पधार प्राचीन परम्परा को जीवंत रखा

डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कविराव परिवार की हवेली पर मोखाण पधारकर सदियों पुरानी परंपरा को जीवंत रखा

ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन

डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने कविराव परिवार की हवेली पर मोखाण पधारकर सदियों पुरानी परंपरा को जीवंत रखा

उदयपुर, 18 अगस्त 2026।

मेवाड़ की ऐतिहासिक परंपरा में राजपरिवार और प्रमुख सहयोगी परिवारों के बीच आत्मीय संबंधों तथा सुख-दुःख में सहभागी होने की परंपरा सदियों से चली आ रही है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए मेवाड़ राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ उदयपुर स्थित बडलिया हवेली पहुंचे और स्वर्गीय श्री राव बख्तावर सिंह के प्रपौत्र राव गजेन्द्र सिंह की धर्मपत्नी के देहावसान के पश्चात् मोखाण पधारे।

इस अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने राव गजेन्द्र सिंह एवं उनके सुपुत्र राव अक्षय सिंह से मुलाकात कर अपनी आत्मीय संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य प्रदान किया। साथ ही राव परिवार के सदस्यों को पान-बीड़ा प्रदान कर मेवाड़ की पारंपरिक रीति का निर्वहन किया।

मेवाड़ के इतिहास में राजपरिवार और कविराव परिवार के बीच रहे आत्मीय संबंधों के कारण ऐसी परंपराओं का विशेष महत्व रहा है। ऐतिहासिक बहियों में भी इस हवेली पर मेवाड़ के महाराणाओं के मोखाण पधारने के उल्लेख मिलते हैं। इसी ऐतिहासिक परंपरा की निरंतरता में वर्ष 2026 में डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ का कविराव परिवार की हवेली पर मोखाण पधारना मेवाड़ की जीवंत सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का प्रतीक बना।

इस अवसर पर 155 वर्ष पुरानी रंग बदलाई दस्तूर की परंपरा का भी निर्वहन किया गया। राव नरेन्द्र सिंह को रंग की पाग पहनाई गई। शास्त्रीजी द्वारा राव गजेन्द्र सिंह, राव महेंद्र सिंह एवं राव अक्षय सिंह को रंग की पाग पहनाई गई। डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने राव परिवार के सदस्यों को सरोपाव प्रदान किए।

ऐतिहासिक संदर्भ

13 जुलाई 1871 को मेवाड़ के महाराणा शम्भूसिंह कविराव बख्तावर सिंह की माताजी के देहावसान पर इस हवेली पर मोखाण पधारे थे।

22 अप्रैल 1894 को मेवाड़ के महाराणा फतहसिंह, कविराव बख्तावर सिंह के देहावसान के उपरांत उनके पुत्र गोविन्द सिंह के मोखाण पधारे थे।

वर्ष 1964 में मेवाड़ के महाराणा भगवतसिंह ने कविराव बख्तावर सिंह के सुपौत्र कविराव मोहन सिंह के देहावसान पर मोखाण पधारकर परिवार के प्रति अपनी आत्मीयता प्रकट की थी।

वर्ष 2026 में डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ का कविराव परिवार की हवेली पर मोखाण पधारना इसी ऐतिहासिक एवं आत्मीय परंपरा की निरंतरता को दर्शाता है। यह केवल शोक-सांत्वना का अवसर नहीं, बल्कि मेवाड़ की उस जीवंत परंपरा का प्रतीक है, जिसमें राजपरिवार अपने आत्मीय संबंधों वाले परिवारों के सुख-दुःख में सहभागी रहा है और समय के साथ इन परंपराओं को जीवंत रखने का प्रयास करता रहा है।