डॉ. मन्नालाल रावत बने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, दिल्ली में ग्रहण किया पदभार

Dr. Mannalal Rawat appointed National President of the BJP Scheduled Tribe Morcha; assumed office in Delhi.

डॉ. मन्नालाल रावत ने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया
कहा— विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करना लक्ष्य


उदयपुर। भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित गरिमापूर्ण समारोह में अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है और जनजातीय समाज विकास की मुख्यधारा में मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ-साथ देश की विरासत और संस्कृति के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले, इसके लिए सरकार सैचुरेशन के दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा से जुड़े कार्यक्रमों तथा जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। डॉ. रावत ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य है।
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव के नेतृत्व में अनुसूचित जनजाति मोर्चा को मजबूत बनाने में दिए गए योगदान की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनजातीय समाज के विकास को प्राथमिकता देते हुए जनजातीय क्षेत्रों में आवास, बिजली, पानी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष कार्य किए हैं।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के लोगों को देश की मुख्यधारा में लाने का भगीरथ प्रयास किया है। आज देश के राष्ट्रपति सहित केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर जनजातीय समाज के प्रतिनिधि अपनी भूमिका निभा रहे हैं तथा विभिन्न राज्यों में भी जनजातीय समाज का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में जनजातीय समाज महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश ने कहा कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा भाजपा के महत्वपूर्ण मोर्चों में से एक है, जो जनजातीय समाज तक संगठन और सरकार की नीतियों एवं योजनाओं का संदेश पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रत्येक जनजातीय बूथ तक संगठन की पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही जनजातीय समाज के समक्ष गंभीर स्वास्थ्य चुनौती के रूप में सिकल सेल एनीमिया का उल्लेख करते हुए इसकी समय पर पहचान, ट्रैकिंग और रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता बताई।
वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकास भी, विरासत भी और सेवा भी” के मंत्र के साथ जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संगठन एवं सरकार दोनों प्रतिबद्ध हैं।
समारोह के अंत में नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे तथा देशभर में अनुसूचित जनजाति मोर्चा को और अधिक मजबूत करने एवं जनजातीय समाज के बीच संगठन की पहुंच व्यापक बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने पूर्व पदाधिकारियों का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। समारोह का मंच संचालन मोर्चा के महामंत्री कालीराम मांझी ने किया।