मेवाड़ न्यूज रथ के शुभारंभ पर अतिथियों ने दी शुभकामनाएं, पत्रकारिता की जिम्मेदारी और चुनौतियों पर हुई चर्चा

‘मेवाड़ न्यूज रथ’ के नए सफर का आगाज, गौरीकांत शर्मा बोले—डिजिटल युग में भी प्रिंट मीडिया का महत्व कायम

डिजिटल युग में भी प्रिंट मीडिया की प्रासंगिकता कायम : गौरीकांत शर्मा

उदयपुर। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक गौरीकांत शर्मा ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया, टेलीविजन और मोबाइल की बढ़ती पहुंच के बावजूद प्रिंट समाचार पत्रों की अपनी अलग प्रासंगिकता और विश्वसनीयता कायम है। आज भी पाठक सुबह की चाय के साथ समाचार पत्र पढ़कर देश-दुनिया की खबरों से अपडेट होना पसंद करते हैं।

शर्मा शनिवार को झूलेलाल भवन में ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ साप्ताहिक के शुभारंभ अवसर पर अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज लगभग हर व्यक्ति के हाथ में मोबाइल है और सोशल मीडिया के माध्यम से समाचार तत्काल उपलब्ध हो जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद समाचार पत्रों का महत्व कम नहीं हुआ है। सुबह की चाय के साथ समाचार पत्र पढ़ना आज भी लोगों की दिनचर्या का हिस्सा है और समाचार पत्र पढ़े बिना कई पाठकों को अपना दिन अधूरा-अधूरा महसूस होता है।

गौरीकांत शर्मा ने कहा कि प्रिंट मीडिया के प्रति लोगों का विश्वास आज भी बना हुआ है। उन्होंने बताया कि कुछ अंतराल के बाद पुनः प्रिंट मीडिया के लिए आवेदनों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। यह इस बात का संकेत है कि डिजिटल क्रांति के दौर में भी प्रिंट मीडिया की उपयोगिता और महत्व बरकरार है।

उन्होंने ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ की नई पहल के लिए प्रकाशक हिमांशु परिहार सुनील कालरा एवं पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह साप्ताहिक मेवाड़ क्षेत्र के जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाने के साथ जिम्मेदार एवं तथ्यपरक पत्रकारिता को आगे बढ़ाएगा।

सच को सच बताना बड़ी चुनौती : हरीश राजानी

समारोह में पूर्व मंत्री एवं समाजसेवी हरीश राजानी ने कहा कि मौजूदा दौर में सच को सच बताना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए जुनून, साहस और जिम्मेदारी आवश्यक है।

राजानी ने कहा कि डिजिटल, सोशल मीडिया और मोबाइल के दौर में प्रिंट मीडिया के सामने बड़ी चुनौती और संघर्ष है। इसके बावजूद पत्रकारिता को अपनी विश्वसनीयता बनाए रखते हुए आगे बढ़ना होगा। उन्होंने ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ की नई शुरुआत के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

अखबार की कटिंग लंबे समय तक सुरक्षित रहती है : निर्मल पंडित

समाजसेवी एवं एडवोकेट निर्मल पंडित ने कहा कि डिजिटल मीडिया के साथ समाचार पत्र के प्रकाशन में भी बड़ी सावधानी और जिम्मेदारी की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम पर मौजूद साक्ष्य मोबाइल या डिजिटल प्लेटफॉर्म से डिलीट हो सकते हैं, लेकिन अखबार की कटिंग को लोग अपने पास लंबे समय तक संभालकर रखते हैं।

उन्होंने कहा कि इसी कारण प्रिंट मीडिया में प्रकाशित समाचारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ की शुरुआत को सकारात्मक पहल बताते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

अतिथियों ने किया ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ के लोगो का विमोचन

समारोह के दौरान गौरीकांत शर्मा, हरीश राजानी, निर्मल पंडित एवं कमलेंद्र पाहुजा सहित उपस्थित अतिथियों ने ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ के लोगो का विमोचन किया। लोगो के माध्यम से साप्ताहिक पत्रिका के नाम और पहचान को अतिथियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में प्रकाशक हिमांशु परिहार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ की परिकल्पना, उद्देश्य और आगे की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक के माध्यम से मेवाड़ क्षेत्र के जनसरोकारों, सामाजिक विषयों और आमजन की आवाज को प्रमुखता से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

कमलेंद्र पाहुजा ने भी ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ की नई शुरुआत पर पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रीय पत्रकारिता को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम में सुनील कालरा ने आभार व्यक्त किया, जबकि संचालन राजेंद्र सेन ने किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजेश वर्मा, प्रकाश शर्मा, मुनेश अरोड़ा, कौशल मूंदड़ा एवं गोपाल लोहार नारायण सेन सहित अनेक पत्रकार एवं सहयोगी पत्रकार उपस्थित रहे।

मेवाड़ की पहचान, जनसरोकारों की आवाज और तथ्यपरक पत्रकारिता के संकल्प के साथ ‘मेवाड़ न्यूज रथ’ ने अपनी नई पहचान का आगाज किया है।