उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.23 करोड़ रुपये के जब्त अवैध मादक पदार्थ नष्ट
Major action by Udaipur Police: Illicit narcotics worth ₹1.23 crore destroyed.
उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1.23 करोड़ रुपये के जब्त अवैध मादक पदार्थ नष्ट

उदयपुर, 13 अगस्त 2026। उदयपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 23 लाख रुपये कीमत के 2541.318 किलोग्राम जब्त अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन की अध्यक्षता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मुकुल शर्मा एवं पुलिस निरीक्षक अपराध सहायक टीना सोलंकी की टीम द्वारा उदयपुर जिले के 15 पुलिस थानों में दर्ज 42 प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 2303.200 किलोग्राम डोडा चूरा, 212.617 किलोग्राम गांजा, 41.56 ग्राम एमडीएमए, 36.52 ग्राम ब्राउन शुगर, 3.750 लीटर कोडीन, 28.12 ग्राम चरस, 44.20 ग्राम स्मैक, 15.550 किलोग्राम गांजे के पौधे तथा 6.050 किलोग्राम अफीम के पौधे शामिल हैं।
इन सभी जब्त मादक पदार्थों को 13 अगस्त 2026 को उदयपुर स्थित सीमेंट फैक्ट्री में नियमानुसार नष्ट किया गया। पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं कारोबार में लिप्त अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उदयपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री करने वाले अपराधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




