आदर्श शिक्षा समिति सलूम्बर और जीव दया फाउंडेशन द्वारा राहत एवं प्री-न्यूट्रिशन कार्यक्रम आयोजित

Relief and Pre-Nutrition Program Organized by Adarsh ​​Shiksha Samiti Salumber and Jeev Daya Foundation

आदर्श शिक्षा समिति सलूम्बर और जीव दया फाउंडेशन द्वारा राहत एवं प्री-न्यूट्रिशन कार्यक्रम आयोजित


उदयपुर। आदर्श शिक्षा समिति सलूम्बर एवं जीव दया फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में कोटड़ा एवं फलासिया ब्लॉक के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में प्री-न्यूट्रिशन एजुकेशन एवं राहत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कोटड़ा ब्लॉक के नयावास, लकूम्बराफला, परमारों का फला, झूनी बडली तथा फलासिया ब्लॉक के डोलरिया गांव में कुल 175 महिलाओं को दो-दो साड़ियां, पेटीकोट, जूते-चप्पल एवं राशन (26 किलोग्राम चावल व 4 किलोग्राम चना दाल) वितरित किया गया। साथ ही 125 बच्चों को स्कूल ड्रेस एवं जूते प्रदान किए गए, जिससे लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।


कार्यक्रम की शुरुआत नयावास केंद्र से हुई, जहां पुलिस उप अधीक्षक वृत कोटड़ा श्री डूंगर सिंह ने स्वयं वितरण कर लाभार्थियों को सामग्री प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, बीमार होने पर अस्पताल जाने, बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने तथा उनके पोषण पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। साथ ही परिवार की आजीविका बढ़ाने हेतु खेती-बाड़ी को अपनाने का भी संदेश दिया।
संस्था के सचिव शशिभूषण सेन ने जानकारी देते हुए बताया कि कोटड़ा एवं फलासिया ब्लॉक में कुल पांच केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें से तीन केंद्र पिछले दो वर्षों से तथा दो केंद्र पिछले छह महीनों से सक्रिय हैं। इन केंद्रों पर 125 बच्चों को प्रतिदिन पूरक पोषाहार के रूप में एक गिलास अमूल दूध एवं पारले-जी बिस्किट प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार देखा गया है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए बताया कि इस पहल से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कार्यक्रम में मिराराम, सुशीलादेवी, ललिता देवी, जेलूदेवी, चम्पा कुमारी, संस्थापक नारायण सेन, जगदीशचंद्र श्रीमाली, प्रेमचंद सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।