यूनिसेफ प्रतिनिधिमंडल की आईजी से शिष्टाचार भेंट, बाल संरक्षण पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
UNICEF Delegation Pays Courtesy Visit to IG; Significant Discussion Held on Child Protection
यूनिसेफ प्रतिनिधिमंडल की आईजी से शिष्टाचार भेंट, बाल संरक्षण पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा

उदयपुर, 17 मार्च। यूनिसेफ के उच्च अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उदयपुर दौरे के दौरान मंगलवार को पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उदयपुर पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल एवं राजसमंद पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल भी उपस्थित रहे।
बैठक में बाल सुरक्षा, शिक्षा, मानसिक स्वास्थ्य एवं बच्चों के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल में यूनिसेफ भारत की चीफ मिलन किड़ाने, मेंटल हेल्थ स्पेशलिस्ट ज्योति, राजस्थान प्रमुख लक्ष्मी नरसिम्हाराव सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बाल अधिकारों की रक्षा, बाल श्रम उन्मूलन तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
आईजी श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रशासन और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के बीच समन्वय आवश्यक है। उन्होंने यूनिसेफ के सहयोग से संचालित प्रशिक्षण, जागरूकता कार्यक्रमों एवं यूथ सीएलजी, सड़क सुरक्षा और साइबर सुरक्षा से जुड़े नवाचारों की जानकारी दी। साथ ही, इन पहलों को और प्रभावी बनाने के लिए यूनिसेफ को कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग बाल संरक्षण से जुड़े हर मामले में पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा तथा भविष्य में संयुक्त रूप से और अधिक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




