धार की भगवती गमेती का पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट में चयन

धार ग्राम पंचायत की होनहार लेफ्ट आर्म स्पिनर भगवती गमेती का पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की टीम में चयन। जनजातीय क्षेत्र की खिलाड़ी ने पिछले सत्र में 15 विकेट लेकर टीम को कांस्य पदक दिलाया।

धार की भगवती गमेती का पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट में चयन

धार की भगवती गमेती का पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट में चयन

जनजाति क्षेत्र की उभरती खिलाड़ी ने बढ़ाया उदयपुर का मान

उदयपुर, 9 जनवरी।
ग्राम पंचायत धार की होनहार क्रिकेट खिलाड़ी और मीरा कन्या महाविद्यालय की छात्रा लेफ्ट आर्म स्पिनर भगवती गमेती का चयन पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर की टीम में किया गया है। जनजाति क्षेत्र से आने वाली इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी के चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर है।

भगवती गमेती की प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए जनजातीय क्षेत्र प्रतिभा विकास प्रवर्तक एवं उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने मजदूर परिवार से ताल्लुक रखने वाली इस खिलाड़ी को क्रिकेट स्पाइक्स भेंट किए, जिससे वह अपने खेल कौशल को और अधिक निखार सके।

उल्लेखनीय है कि पिछले सत्र की पश्चिम क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भगवती गमेती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय की टीम ने कांस्य पदक जीतकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की थी।

भगवती गमेती के चयन पर ग्राम पंचायत धार के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं उनके प्रशिक्षक नीरज बत्रा ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही जनजातीय क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी एवं उदयपुर प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया गया।

भगवती गमेती की यह उपलब्धि न केवल धार ग्राम पंचायत बल्कि पूरे जनजातीय क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।