संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी को मिला राज्य स्तरीय सम्मान लोक सेवा दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

संभागीय आयुक्त सुश्री केवलरमानी को यह सम्मान राज्य के जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र में ओलम्पिक खेल लैक्रोस में उत्कृष्टता के लिए अभिप्रेरित करने पर प्रदान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि संभागीय आयुक्त के प्रयासों से जनजाति अंचल के लैक्रोस खिलाड़ियों ने कई राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीती हैं। 

संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी को मिला राज्य स्तरीय सम्मान लोक सेवा दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

उदयपुर, 21 अप्रेल। लोक सेवा दिवस के उपलक्ष्य में एचसीएम रीपा जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी को जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में ओलंपिक खेल लैक्रोज में उत्कृष्टता हेतु अभिप्रेरणा के लिए मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने लैक्रोज खेल को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। समारोह में मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत भी उपस्थित रहे। संभागीय आयुक्त सुश्री केवलरमानी के मुख्यमंत्री के हाथों सरकार के प्रतिष्ठित सम्मान से सम्मानित होने पर लैक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया सहित संपूर्ण भारत के लैक्रोज खिलाड़ियों तथा उदयपुर संभाग में खुशी की लहर है। 

 
यह किए प्रयास 
संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी के सार्थक प्रयासों से आदिवासी क्षेत्र के खिलाड़ियों ने लैक्रोज खेल में राज्य को गौरवान्वित किया। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु  सीएसआर फंड से आवश्यक आर्थिक सहयोग (स्पॉन्सरशिप), अभ्यास हेतु हॉकी एस्ट्रोटर्फ व रहने हेतु आश्रम छात्रावास, राष्ट्रीय प्रतियोगिता हेतु फ्लड लाईट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया करवाई। 

यह रही उपलब्धियां 
संभागीय आयुक्त स्तर पर अभिप्रेरणा मिलने पर लैक्रोज प्रशिक्षक नीरज बत्रा के निर्देशन में सात महिला खिलाड़ियों एवम् तीन पुरुष खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसमें महिला खिलाड़ियों ने एशियन चौंपियनशिप में रजत पदक जीता। साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में राजस्थान ने वर्चस्व कायम कर महिला वर्ग में सीनियर टीम ने प्रथम व द्वितीय प्रतियोगिता तथा फेडरेशन कप के साथ जुनियर वर्ग की प्रथम व द्वितीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, द्वितीय सब जुनियर प्रतियोगिता में रजत पदक, पुरूषों के सीनियर वर्ग में फेडरेशन कप व द्वितीय राष्ट्रीय चौंपियनशिप में स्वर्ण, जुनियर वर्ग में प्रथम प्रतियोगिता में स्वर्ण व द्वितीय में कांस्य तथा सब जूनियर वर्ग की द्वितीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल किया। 

उदयपुर में स्थापित होगी लैक्रोज अकादमी
राजस्थान लैक्रोज टीम की इन सफलताओं एवम् आदिवासी अंचल के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट कौशल योगदान की बदौलत राजस्थान सरकार ने ओलंपिक खेलों में भविष्य की संभावनाओं व पौध तैयार करने के लिए बजट घोषणा में उदयपुर में लैक्रोज खेल अकादमी की घोषणा की है। इसको मूर्तरूप देने का कार्य जारी है।