2016 से जारी ‘घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा’ अभियान : भारत विकास परिषद भामाशाह उदयपुर

भारत विकास परिषद भामाशाह उदयपुर द्वारा वर्ष 2016 से निरंतर चलाया जा रहा ‘घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा’ अभियान इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस पर स्कूलों, छात्रावासों और पार्कों में आयोजित किया जा रहा है।

2016 से जारी ‘घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा’ अभियान : भारत विकास परिषद भामाशाह उदयपुर

2016 से निरंतर जारी है भारत विकास परिषद का ‘घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा’ अभियान : डॉ. एम.जी. वार्ष्णेय

उदयपुर।
भारत विकास परिषद भामाशाह, उदयपुर द्वारा वर्ष 2016 से अनवरत रूप से संचालित ‘घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा’ अभियान इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे उत्साह और व्यापक सहभागिता के साथ आयोजित किया जा रहा है। यह अभियान प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस पर नियमित रूप से आयोजित किया जाता है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए परिषद के पूर्व नेशनल वाइस चेयरमैन डॉ. एम.जी. वार्ष्णेय ने बताया कि अभियान के अंतर्गत परिषद की टीम द्वारा शहर के विभिन्न विद्यालयों, छात्रावासों एवं सार्वजनिक पार्कों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के दौरान स्कूली विद्यार्थियों को निःशुल्क तिरंगा वितरित किया जाएगा, वहीं आमजन को भी राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा।

डॉ. वार्ष्णेय ने कहा कि परिषद का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को 26 जनवरी को अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है। इसके लिए लोगों को सामूहिक रूप से तिरंगे के सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत विकास परिषद द्वारा वर्षों पूर्व प्रारंभ किए गए इस अभियान की आवश्यकता को बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भी पूरे देश के लिए महसूस किया गया और उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रीय पर्वों पर घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद लंबे समय से 26 जनवरी और 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्वों पर इसी भावना के साथ समाज में राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश देती आ रही है।

इस अवसर पर आयोजित तैयारी बैठक की अध्यक्षता भारत विकास परिषद भामाशाह के अध्यक्ष नरेंद्र कोठारी ने की। परिषद के सचिव डालचंद सिंघवी ने बैठक की कार्यवाही और अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।