भारतीय नौसेना कार रैली को उदयपुर से हरी झंडी | 5000 किमी सैन्य आउटरीच अभियान शुरू

उदयपुर में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने भारतीय नौसेना की 5000 किमी लंबी कार रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 33 नौसैनिकों और 12 वाहनों वाली यह रैली मुंबई से शिमला तक युवाओं को सैन्य सेवा के लिए प्रेरित करेगी।

भारतीय नौसेना कार रैली को उदयपुर से हरी झंडी | 5000 किमी सैन्य आउटरीच अभियान शुरू

भारतीय नौसेना कार रैली को फतहसागर से दी गई हरी झंडी
5000 किमी के सफर में युवाओं को प्रेरित करेगी नौसेना की वीरगाथाएँ

उदयपुर, 16 नवम्बर। पश्चिमी नौसेना कमान के आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भारतीय नौसेना की विशेष कार रैली को रविवार सुबह फतहसागर की पाल से संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। देशभक्ति के उत्साह से भरे इस समारोह में प्रथम राज नेवल यूनिट के केडेट हाथों में तिरंगा लिए शामिल हुए और नौसेना के जज़्बे को सलाम किया। 

कार्यक्रम में कमाण्डेन्ट कमाण्डर शकील अहमद, क्षेत्रीय खेलकूद प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षक तथा खिलाड़ी भी मौजूद रहे।
जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल ने बताया कि भारतीय नौसेना के 33 कर्मियों और 12 वाहनों की यह भव्य कार रैली, मुंबई स्थित नौसेना डॉकयार्ड की साहसिक परंपराओं और गौरवशाली विरासत को संपूर्ण देश में प्रदर्शित कर रही है।

कमाण्डर अनुज भल्ला के निर्देशन में 14 नवंबर को मुंबई से शुरू हुई यह रैली 21 दिनों में मुंबई–शिमला–मुंबई की 5000 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करेगी। इसका मुख्य उद्देश्य नौसेना को आम जनता और राष्ट्र से गहराई से जोड़ना, सेवा और साहस की कहानियों को देशभर की समुदायों तक पहुँचाना और युवाओं में भारतीय नौसेना के प्रति आकर्षण बढ़ाना है।

इसी श्रृंखला में 15 नवंबर को आयोजित विशेष आउटरीच कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के लगभग 500 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का लक्ष्य था कि युवाओं को भारतीय नौसेना में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाए और सशस्त्र बलों व समाज के बीच मजबूत संबंध स्थापित किए जाएँ।

फतहसागर की पाल से शुरू यह देशभक्ति से सराबोर रैली अब हिमालय की वादियों और भारत के अनेक शहरों से गुजरते हुए देशभर के युवाओं को नौसेना की गौरवगाथाओं से अवगत कराएगी।