प्रथम राष्ट्रीय रोवर जंबूरी में राजस्थान अव्वल, नेशनल कमिश्नर शील्ड व फ्लैग जीता
छत्तीसगढ़ के बालोद में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर जंबूरी में राजस्थान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेशनल कमिश्नर शील्ड व फ्लैग जीतकर देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 35 राज्यों के 11 हजार प्रतिभागियों के बीच राजस्थान का दबदबा।
प्रथम राष्ट्रीय रोवर जंबूरी में राजस्थान ने रचा इतिहास
नेशनल कमिश्नर शील्ड व फ्लेग जीतकर देश में पहला स्थान हासिल किया
उदयपुर, 14 जनवरी।
भारत स्काउट एवं गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय स्तरीय रोवर्स जंबूरी में राजस्थान ने ऐतिहासिक सफलता दर्ज करते हुए देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दूधली में 9 से 13 जनवरी तक आयोजित इस जंबूरी में 35 राज्यों के लगभग 11 हजार रोवर-रेंजर्स ने भाग लिया।
एडवेंचर गतिविधियों से लेकर मार्च पास्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक राजस्थान के रोवर-रेंजर्स ने हर मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी सशक्त पहचान बनाई। प्रतियोगिता के दौरान कुल 16 गतिविधियों में से 14 में ए-ग्रेड तथा 2 गतिविधियों में बी-ग्रेड प्राप्त कर राजस्थान ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।

सीओ स्काउट सुरेन्द्र कुमार पाण्डे ने जानकारी देते हुए बताया कि जंबूरी के दौरान एडवेंचर, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कैंप फायर, राज्य गेट, एथनिक शो, राज्य प्रदर्शनी, कैंप क्राफ्ट और ग्लोबल विलेज डेवलपमेंट सहित विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में राजस्थान का दबदबा रहा।
उत्कृष्ट और समग्र प्रदर्शन के आधार पर राजस्थान को नेशनल कमिश्नर शील्ड एवं फ्लेग से सम्मानित किया गया, जिससे प्रदेश ने प्रथम स्थान प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह उपलब्धि स्काउट-गाइड आंदोलन के लिए गर्व का विषय बनी है।
जंबूरी के समापन समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं शिक्षा राज्य मंत्री गजेन्द्र सिंह यादव ने राजस्थान प्रदेश को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर राजस्थान राज्य स्काउट-गाइड संगठन के स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य, राज्य सचिव डॉ. पी.सी. जैन, राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) पूरण सिंह शेखावत, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्ना लाल एवं राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) सुयश लोढा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस राष्ट्रीय रोवर जंबूरी में राष्ट्रीय मुख्य आयुक्त के.के. खंडेलवाल, राष्ट्रीय एग्जीक्यूटिव अध्यक्ष पी.जी.आर. सिंधिया, के.पी. मिश्रा तथा जंबूरी आर्गेनाइजर अमर बी. छेत्री सहित अनेक वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर राजस्थान ने स्काउट-गाइड गतिविधियों के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। यह सफलता प्रदेश के युवा रोवर-रेंजर्स, प्रशिक्षकों एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का जीवंत प्रमाण है।



