संभाग स्तरीय अमृता हाट 18 से 24 फरवरी तक गांधी ग्राउंड में, अमृता प्रीमियर लीग आकर्षण

उदयपुर के गांधी ग्राउंड में 18 से 24 फरवरी तक संभाग स्तरीय अमृता हाट का आयोजन होगा। मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद, सांस्कृतिक संध्या और अमृता प्रीमियर लीग विशेष आकर्षण रहेंगे।

संभाग स्तरीय अमृता हाट 18 से 24 फरवरी तक गांधी ग्राउंड में, अमृता प्रीमियर लीग आकर्षण

संभाग स्तरीय अमृता हाट 18 से 24 फरवरी तक गांधी ग्राउंड में, अमृता प्रीमियर लीग रहेगा मुख्य आकर्षण

उदयपुर, 3 फरवरी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार महिला अधिकारिता विभाग द्वारा 7 दिवसीय संभाग स्तरीय अमृता हाट मेले का आयोजन 18 से 24 फरवरी तक भण्डारी दर्शक मण्डप (गांधी ग्राउंड) में किया जाएगा। इस मेले में महिला स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विविध हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।

मंगलवार को संभागीय आयुक्त सुश्री प्रज्ञा केवलरमानी ने अमृता हाट के पोस्टर का विमोचन किया। वहीं मेले की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त संभागीय आयुक्त सी.आर. देवासी की अध्यक्षता में आयुक्तालय मिनी सभागार में आयोजन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। 

अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री देवासी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में महिला समूहों द्वारा निर्मित उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की बिक्री सुनिश्चित की जाए तथा आगंतुकों के लिए आकर्षक एवं सुव्यवस्थित वातावरण तैयार किया जाए। उन्होंने पंच गौरव थीम पर आधारित सेल्फी पॉइंट, प्रभावी प्रचार-प्रसार और विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया।

बैठक में टेंट व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, महिलाओं के भोजन एवं आवास, मेला स्थल और आवास स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अतिरिक्त जिला कलक्टर दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

110 से अधिक महिला समूहों की सहभागिता

उपनिदेशक महिला अधिकारिता संजय जोशी ने बताया कि अमृता हाट का मुख्य उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं द्वारा निर्मित मूल्य संवर्धित उत्पादों को बाज़ार उपलब्ध कराना और उनकी पहचान स्थापित करना है। अब तक 110 से अधिक स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमी महिलाओं की सहभागिता की सहमति प्राप्त हो चुकी है।

मेले में मूंग पापड़, दलिया, नमकीन, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, रेडिमेड गारमेंट्स, श्रृंगार सामग्री, आचार, गृह सज्जा सामग्री, हैंडीक्राफ्ट सहित अनेक उत्पाद उचित मूल्य पर उपलब्ध होंगे।

सांस्कृतिक संध्या और अमृता प्रीमियर लीग

मेले के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्याएं, जागरूकता सत्र, कठपुतली कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिताएं एवं महिलाओं की विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही 19 से 23 फरवरी तक आयोजित होने वाली अमृता प्रीमियर लीग महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।

बैठक में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक शैलेन्द्र शर्मा, जिला अग्रणी बैंक अधिकारी संजय गुप्ता, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।