उदयपुर में फर्जी रेपिडो राइडर बनकर लूटपाट करने वाला चौथा आरोपी भी गिरफ्तार, बाइक जब्त
उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में फर्जी रेपिडो राइडर बनकर मारपीट व लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चौथे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल बाइक भी जब्त कर ली गई है। प्रकरण में पहले ही तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
उदयपुर, 28 जून 2025
उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में रेपिडो राइड बुकिंग के नाम पर सवारी को सुनसान इलाके में ले जाकर मारपीट व लूट करने के प्रकरण में पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में शामिल एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई है।
प्रकरण 198/25, दिनांक 07 जून 2025 को प्रार्थी अशोक कुमार माली द्वारा दर्ज कराया गया था। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि 06 जून की रात करीब 11:30 बजे उन्होंने रेपिडो से यात्रा बुक की थी। एक युवक रेपिडो राइडर बनकर उन्हें रिसीव करने आया, लेकिन उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था। दोनों मिलकर उन्हें एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां पहले से कुछ और लोग मौजूद थे। इन सब ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और उनका मोबाइल फोन व नकद रुपये लूट लिए।
इस घटना के बाद सूरजपोल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और अब एक अन्य आरोपी विरेंद्र पिता शंकरलाल निवासी खेमपुर, थाना मावली, हाल निवासी महाराज का अखाड़ा, सेक्टर 11 थाना सवीना को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत (JC) में भेजा गया।
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस टीम द्वारा अब भी अन्य आरोपियों की तलाश व घटनास्थल से जुड़े अन्य सबूतों का संग्रह जारी है।
जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पूर्व श्री छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी सूरजपोल श्री रतन सिंह के नेतृत्व में कार्यवाही की गई।




