उदयपुर के स्काउट व रोवर को मिलेगा राज्य पुरस्कार, राज्यपाल करेंगे सम्मानित
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड द्वारा आयोजित राज्य पुरस्कार समारोह में उदयपुर व सलूम्बर के चयनित स्काउट्स और रोवर्स को राज्यपाल हरिभाउ बागडे द्वारा सम्मानित किया जाएगा। समारोह 9 से 12 फरवरी तक जयपुर में आयोजित होगा।
उदयपुर के स्काउट व रोवर को मिलेगा राज्य पुरस्कार, राज्यपाल करेंगे सम्मानित
फोटो संलग्न
उदयपुर, 4 फरवरी।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड राज्य मुख्यालय, जयपुर के तत्वावधान में राज्य पुरस्कार स्काउट, गाइड, रोवर एवं रेंजर अवार्ड समारोह का आयोजन 9 से 12 फरवरी तक जयपुर स्थित स्टेट ट्रेनिंग सेंटर, जगतपुरा में किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय समारोह में उदयपुर और सलूम्बर जिले के स्काउट्स एवं रोवर्स अपनी प्रतिभा और अनुशासन का प्रदर्शन करते हुए जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) सुरेन्द्र कुमार पाण्डे ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए जिला उदयपुर के 115 स्काउट एवं 11 रोवर, जबकि जिला सलूम्बर के 27 स्काउट्स राज्य पुरस्कार स्काउट व रोवर की जाँच प्रक्रिया में सफल रहे हैं। इन सभी प्रतिभागियों में से चयनित स्काउट्स एवं रोवर्स राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में भाग लेंगे।
राज्य पुरस्कार स्काउट एवं रोवर सम्मान समारोह में उदयपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने हेतु चयनित प्रतिभागियों में द स्कॉलर एरिना सीनियर सैकण्डरी स्कूल, आर.के. पुरम, सेक्टर-9 के स्काउट्स गगन सालवी (पिता हरीश सालवी), मौलिक गरासिया (पिता दिनेश कुमार), मनन मेनारिया (पिता यशवंत मेनारिया) तथा द विज़न एकेडमी सीनियर सैकण्डरी स्कूल, उदयपुर के स्काउट मृदुल पुरी गोस्वामी (पिता तुषान्त पुरी गोस्वामी) शामिल हैं। इसके साथ ही हेडक्वार्टर ओपन रोवर क्रू के रोवर वीरेन्द्र सिंह चुंडावत (पिता उम्मेद सिंह चुंडावत) भी राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला प्रभारी के रूप में द स्कॉलर एरिना सीनियर सैकण्डरी स्कूल के स्काउटर एवं वरिष्ठ ट्रेनिंग काउंसलर भगवतीलाल साहू के नेतृत्व में जिले के 4 स्काउट्स एवं 1 रोवर राज्य स्तर पर जिले का परचम फहराएंगे।
पाण्डे ने बताया कि राज्य पुरस्कार समारोह के दौरान स्काउट्स एवं रोवर्स को मार्चपास्ट, कैंप क्राफ्ट, गेजेट्स, यूनिफॉर्म, दक्षता बैज, यूनिट की उपलब्धियों का रिकॉर्ड, फोटो एल्बम एवं प्रदर्शनी सामग्री के आधार पर परखा जाएगा। इस कठोर चयन प्रक्रिया में सफल प्रतिभागियों को राज्यपाल श्री हरिभाउ बागडे के करकमलों से राज्य पुरस्कार स्काउट एवं रोवर प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
समारोह के दौरान मेवाड़ की लोकसंस्कृति को प्रदर्शित करने हेतु प्रतिभागी मेवाड़ी लोकगीत एवं लोकनृत्य की प्रस्तुतियां भी देंगे। कार्यक्रम में राज्य संगठन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षा अधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।
इससे पूर्व सूरजपोल स्थित मण्डल मुख्यालय पर जिला संगठन आयुक्त सुरेन्द्र कुमार पाण्डे के नेतृत्व में चयनित स्काउट्स एवं रोवर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा समारोह में सम्मिलित होने से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां करवाई गईं। इस अवसर पर डॉ. भगवतीलाल साहू ने भी उपस्थित रहकर सहयोग प्रदान किया और प्रतिभागियों को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।




