एशियाई लैक्रोज गेम्स 2025-26: भारत का दबदबा, महिला टीम ने पाकिस्तान को हराया, पुरुष टीम विजयी

एशियाई लैक्रोज गेम्स 2025-26 में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 20-9 से हराया, वहीं पुरुष टीम ने इराक पर 7-5 से जीत दर्ज कर भारत का नाम रोशन किया।

एशियाई लैक्रोज गेम्स 2025-26: भारत का दबदबा, महिला टीम ने पाकिस्तान को हराया, पुरुष टीम विजयी

एशियाई लैक्रोज गेम्स में भारत का दबदबा, महिला टीम ने पाकिस्तान को रौंदा

पुरुष टीम ने इराक को हराकर खिताबी मुकाबले की ओर बढ़ाया

उदयपुर, 4 फरवरी।
रियाद (सऊदी अरब) में आयोजित एशियाई लैक्रोज गेम्स 2025-26 में भारतीय महिला एवं पुरुष लैक्रोज टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशिया में भारत की खेल शक्ति का परचम लहरा दिया। दोनों टीमों की जीत से न सिर्फ देशवासियों में गर्व की भावना जगी है, बल्कि भारतीय लैक्रोज की बढ़ती ताकत का भी स्पष्ट संकेत मिला है।

महिला वर्ग के राउंड-रॉबिन लीग मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 20-9 गोल के बड़े अंतर से करारी शिकस्त दी। मुकाबले के हर क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों का वर्चस्व देखने को मिला, जबकि पाकिस्तानी टीम भारतीय गति, रणनीति और फिटनेस के सामने टिक नहीं सकी।

भारतीय महिला टीम की इस ऐतिहासिक जीत में जुला कुमारी गुर्जर और जाह्नवी राठौड़ ने शानदार खेल दिखाते हुए 7-7 गोल दागे और मैच की सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहीं। वहीं सुनीता मीणा ने 2 गोल कर टीम की बढ़त को मजबूत किया। इसके अलावा यशोदा गमेती, डाली गमेती, मीरा दौजा और रोशनी बोस ने 1-1 गोल कर टीम की सामूहिक ताकत का परिचय दिया।

रक्षात्मक मोर्चे पर भी भारतीय टीम पूरी तरह मजबूत नजर आई। गोलकीपर यशिष्ठा बत्रा, डिफेंडर खुश्बू एवं मुकन गुर्जर ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए पाकिस्तान के कई हमलों को नाकाम किया और जीत की नींव मजबूत रखी।

वहीं पुरुष वर्ग में भारतीय टीम ने इराक जैसी मजबूत कद-काठी वाली टीम के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले में 7-5 गोल से शानदार जीत दर्ज की। पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों की सूझबूझ, अनुशासन और फिटनेस निर्णायक साबित हुई। 

पुरुष टीम की जीत में मोहनलाल गमेती ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए 5 गोल दागे, जबकि खुमाराम गमेती ने 2 महत्वपूर्ण गोल कर भारत की जीत सुनिश्चित की।

मैच से पूर्व भारतीय दूतावास के प्रथम सचिव विपुल बावा ने मैदान पर पहुंचकर भारतीय खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने टीम प्रबंधक इमरान लारी, शहजाद खान, सौरभ वेताल, तकनीकी अधिकारी शकील खान, प्रशिक्षक नीरज बत्रा सहित पूरी टीम से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके प्रोत्साहन से खिलाड़ियों का मनोबल और अधिक बढ़ा।

भारतीय टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर लैक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ तौसीफ लारी, फेडरेशन के पदाधिकारियों, विभिन्न राज्य संघों, राजस्थान लैक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी तथा लैक्रोज प्रवर्तक एवं उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

एशियाई लैक्रोज गेम्स में भारत की यह सफलता न केवल एक बड़ी उपलब्धि है, बल्कि आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारतीय लैक्रोज टीम से और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदों को मजबूत करती है।