वंदेमातरम् @150 : उदयपुर में 77वें गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन, मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने फहराया तिरंगा
उदयपुर में 77वां गणतंत्र दिवस वंदेमातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। गांधी ग्राउंड में आयोजित समारोह में टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने ध्वजारोहण किया।
वंदेमातरम् @150 : राष्ट्रगीत की गूंज में उदयपुर ने किया गणतंत्र का गुणगान
गांधी ग्राउंड में जिला स्तरीय समारोह, मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने फहराया तिरंगा
उदयपुर, 26 जनवरी।
राष्ट्रीय पर्व 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को उदयपुर जिले में पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिले का मुख्य जिला स्तरीय समारोह गांधी ग्राउंड में आयोजित हुआ, जहां हजारों नागरिकों की उपस्थिति में तिरंगे की शान और राष्ट्रगान की गूंज ने हर मन को गौरव से भर दिया।

इस वर्ष समारोह को विशेष बनाया वंदेमातरम् गीत की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने का ऐतिहासिक अवसर। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरे आयोजन में राष्ट्रगीत और मां भारती की वंदना की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने किया ध्वजारोहण
मुख्य समारोह में जनजाति क्षेत्रीय विकास एवं गृह रक्षा विभाग मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर जिलेवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के पश्चात मंत्री श्री खराड़ी ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन दीपेन्द्र सिंह ने राज्यपाल का संदेश पढ़कर सुनाया।

अनुशासित परेड और मार्च पास्ट ने मोहा मन
समारोह का प्रमुख आकर्षण राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत भव्य परेड रही।
परेड का संचालन एनसीसी मुख्यालय उदयपुर के लाइनिंग अधिकारी एवं सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी प्रेमशंकर श्रीमाली के निर्देशन में तथा परेड कमांडर आरआई गुलाब सिंह के नेतृत्व में किया गया।
बैंड की मधुर धुन पर कदम से कदम मिलाते हुए जवानों और विद्यार्थियों की टुकड़ियों ने जब मार्च पास्ट किया, तो पूरा गांधी ग्राउंड भारत माता की जय और तालियों की गूंज से गूंज उठा। दर्शकों में देशभक्ति का जोश देखते ही बनता था।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों का सम्मान
समारोह के दौरान मंत्री श्री खराड़ी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागौरी के माता-पिता, शहीद रतनलाल मीणा की वीरांगना तथा स्वतंत्रता सेनानी कन्हैयालाल पालीवाल की धर्मपत्नी का शॉल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। इस भावुक क्षण ने समारोह को गौरव और सम्मान से भर दिया।

वंदेमातरम् राष्ट्र चेतना का प्रतीक : खराड़ी
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि वंदेमातरम् गीत स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राष्ट्र चेतना का सबसे बड़ा माध्यम बना। आज वही गीत विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा दे रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू विकसित भारत – रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना से गांवों में रोजगार, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिलेगी।

सामूहिक व्यायाम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं सेंट्रल पब्लिक उमावि के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों का अनुशासन, तालमेल और समर्पण प्रशंसनीय रहा।
इसके बाद सेंट एंथोनी स्कूल, बलीचा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य की शानदार प्रस्तुति देकर माहौल को और जीवंत कर दिया।
ऑपरेशन सिंदूर और वंदेमातरम् की प्रस्तुति ने भरा जोश
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण केंद्रीय कारागृह उदयपुर के बंदीजन ऑर्केस्ट्रा ग्रुप की प्रस्तुति रही। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित जोशीली प्रस्तुति के साथ वंदेमातरम् गीत का गायन कर उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
रेजिडेंसी स्कूल की छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।




झांकियों में दिखी विकास योजनाएं और सामाजिक संदेश
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियां भी मुख्य आकर्षण रहीं।
झांकियों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता सहित कई विभागों ने विकास योजनाओं के साथ-साथ बाल विवाह, नशा मुक्ति, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे सामाजिक संदेश दिए।
झांकी प्रतियोगिता में महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी को प्रथम स्थान, जबकि पशुपालन विभाग एवं चिकित्सा विभाग को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्रदान किया गया।

उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान समारोह
मुख्य समारोह में प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों, खिलाड़ियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही उपखंड स्तर पर भी चयनित 15 व्यक्तियों को सम्मान प्रदान किया गया।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
समारोह में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक ताराचंद जैन, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलेक्टर नमित मेहता, एसपी योगेश गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और शहरवासी उपस्थित रहे।




