अंबेडकर खेल संघ का अनूठा प्रयास, बच्चों में जागेगा राष्ट्रभाव
Ambedkar Sports Association's Unique Initiative: Fostering a Sense of Nationalism in Children

उदयपुर। अंबेडकर खेल संघ एवं गांधीनगर विकास समिति, गांधीनगर मल्लातलाई उदयपुर के तत्वावधान में भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित खेलकूद एवं बौद्धिक ज्ञान प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों के लिए उदयपुर नगर भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र के भावी कर्णधार बालक-बालिकाओं के हृदय में राष्ट्रसेवा, सामाजिक चेतना एवं संस्कारों का भाव जागृत करना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रतिभागियों को उदयपुर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायी स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
नगर भ्रमण के दौरान बड़ी स्थित नारायण सेवा संस्थान द्वारा संचालित सेवा धाम का अवलोकन कराया जाएगा, जहां दिव्यांगजन सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से बच्चों को परिचित कराया जाएगा। साथ ही युवाओं में राष्ट्रभाव एवं प्रेरणादायी चिंतन विकसित करने के उद्देश्य से शहीद स्मारक, पन्नाधाय स्मारक, सिटी पैलेस, मोती नगरी, नवलखा महल, गुलाब बाग सहित विभिन्न पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों का दिग्दर्शन कराया जाएगा।
यह भ्रमण कार्यक्रम दिनांक 17 मई 2026, रविवार को प्रातः 8:30 बजे अंबेडकर खेल मैदान, गांधीनगर मल्लातलाई से बस द्वारा प्रारंभ होगा।
उक्त जानकारी अंबेडकर खेल संघ के खेल मंत्री विनोद कुमार राठौड़ ने दी।




