बाल विवाह मुक्त भारत अभियान: उदयपुर में बाल विवाह मुक्त रथ का शुभारंभ
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत उदयपुर में 100 दिवसीय विशेष अभियान की शुरुआत, बाल विवाह रोकथाम के लिए जन जागरूकता रथ यात्रा को दिखाई गई हरी झंडी।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह मुक्त रथ का शुभारंभ
रथ यात्रा के माध्यम से दिया जाएगा बाल विवाह रोकथाम का संदेश
उदयपुर, 4 फरवरी।
देशभर में चलाए जा रहे बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 100 दिवसीय विशेष अभियान की कड़ी में मंगलवार को उदयपुर में जन जागरूकता रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस रथ यात्रा का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता फैलाना है।
रथ यात्रा को जिला कलेक्ट्रेट परिसर से सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुलदीप शर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) दीपेन्द्र सिंह राठोड़ एवं राजस्थान राज्य बाल आयोग के सदस्य ध्रुव कुमार कविया ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देगा।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुलदीप शर्मा ने कहा कि बाल विवाह न केवल एक सामाजिक कुप्रथा है बल्कि कानूनन अपराध भी है। इसमें शामिल सभी हितधारकों के लिए सजा का प्रावधान है। उन्होंने आमजन से अपील की कि न तो बाल विवाह कराएं और न ही इसका हिस्सा बनें।

राज्य बाल आयोग सदस्य ध्रुव कुमार कविया ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि समाज सजग हो जाए तो इस कुप्रथा को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर दीपेन्द्र सिंह राठोड़ ने कहा कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस 100 दिवसीय विशेष अभियान के माध्यम से आमजन को जागरूक कर बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों को रोका जाएगा। इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उपनिदेशक बाल अधिकारिता विभाग के.के. चंद्रवंशी ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर बाल विवाह की सूचना दी जा सकती है। वहीं गायत्री सेवा संस्थान के कार्यक्रम समन्वयक नितिन पालीवाल ने बताया कि रथ यात्रा जिले के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर बाल विवाह रोकथाम का संदेश देगी।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह की सूचना संस्थान की हेल्पलाइन 8239999288 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर भी दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
कार्यक्रम में जिला बाल कल्याण समिति सदस्य अंजन जोशी, महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक संजय जोशी, चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सदस्य, बाल अधिकारिता विभाग से राजकुमार जीनगर, बनवारी लाल, गायत्री सेवा संस्थान के विवेक पालीवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




