एशियन लैक्रोज गेम्स 2025-26: भारत का दबदबा, पुरुष और महिला टीम फाइनल में

एशियन लैक्रोज गेम्स 2025-26 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी। पुरुष टीम ने पाकिस्तान को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, वहीं महिला टीम ने मेजबान सऊदी अरब को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।

एशियन लैक्रोज गेम्स 2025-26: भारत का दबदबा, पुरुष और महिला टीम फाइनल में

एशियन लैक्रोज गेम्स 2025-26: भारत का दबदबा कायम, पुरुष व महिला टीम फाइनल में

उदयपुर, 05 फरवरी।
सऊदी अरब के रियाद में आयोजित एशियाई लैक्रोज गेम्स 2025-26 में भारतीय लैक्रोज टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता में भारत की पुरुष और महिला—दोनों टीमों ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है।

???????? पुरुष वर्ग: पाकिस्तान को हराकर फाइनल में भारत

पुरुष वर्ग के बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 12-7 गोल से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। भारतीय दल प्रबंधक इमरान लारी ने बताया कि मुकाबले के दौरान दोनों देशों के समर्थकों की मौजूदगी से मैदान का माहौल बेहद रोमांचक रहा।

इस मुकाबले में भारतीय टीम के मुख्य स्ट्राइकर मोहनलाल गमेती ने असाधारण जज्बे का परिचय दिया। इराक के खिलाफ पिछले मुकाबले में चोटिल होने और ठुड्डी पर नौ टांके आने के बावजूद वे देश के सम्मान के लिए मैदान पर उतरे। उनके जज्बे ने पूरी टीम में जोश भर दिया।

मोहनलाल गमेती ने 5 गोल, निशान नागदा ने 3 गोल, जबकि दयाशंकर गमेती और आशीष ने 2-2 गोल कर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई।
रक्षण पंक्ति में कप्तान टी. अनुदीप रेड्डी, उपकप्तान गुनीश सिंह बेदी, खुमाराम गमेती, हर्ष नैयर और बेलागल हुसैन ने शानदार तालमेल दिखाया। युवा गोलकीपर नारायण लाल गमेती ने कई सुनिश्चित गोल बचाकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

पाकिस्तान पर जीत के बाद स्टेडियम ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
राउंड रॉबिन लीग में भारत, इराक और मेजबान सऊदी अरब के समान अंक रहे, लेकिन बेहतर गोल अंतर के आधार पर भारत और इराक फाइनल में पहुंचे, जबकि सऊदी अरब तीसरे स्थान के लिए पाकिस्तान से भिड़ेगा।
अब फाइनल में भारत का मुकाबला इराक से होगा।

???????? महिला वर्ग: मेजबान सऊदी अरब को हराकर शीर्ष पर भारत

महिला वर्ग में भी भारतीय टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने अंतिम लीग मुकाबले में मेजबान सऊदी अरब को पराजित कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और फाइनल में प्रवेश किया।

भारत की ओर से डाली गमेती ने सर्वाधिक 5 गोल, यशोदा गमेती, सुनीता मीणा और खुशबू ने 4-4 गोल, जानवी राठौड़ ने 2 गोल, जबकि मिडफील्ड मैच प्लानर मीरा दौजा ने 1 गोल किया।
पिछले मुकाबले की सर्वश्रेष्ठ स्कोरर जुला कुमारी गुर्जर को अवैध खतरनाक टैकलिंग के कारण लाल कार्ड दिखाया गया, जिससे वे मैच से बाहर हो गईं।

भारतीय गोलकीपर यशिष्ठा बत्रा और मुकन कुमारी गुर्जर का प्रदर्शन भी उत्कृष्ट रहा।
महिला वर्ग के फाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा, जो अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहा।

???????? देशभर से बधाइयों का तांता

भारत की दोनों टीमों के फाइनल में पहुंचने पर टीम के साथ मौजूद चीफ डे मिशन सौरभ वेताल, शहजाद खान, सहायक तकनीकी अधिकारी राजपाल रेणु, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और समर्थक खुशी से झूम उठे।

लैक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ तौसीफ लारी सहित समस्त पदाधिकारियों, राज्य संघों और समर्थकों ने टीम को बधाई दी। राजस्थान से राजस्थान लैक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी, राजस्थान खेल परिषद अध्यक्ष नीरज के पवन, उदयपुर लोकसभा सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, आयुक्त जनजाति विकास विभाग कन्हैयालाल स्वामी, उदयपुर कलेक्टर नमित मेहता और यूडीए आयुक्त राहुल जैन सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

सभी ने विश्वास जताया कि लैक्रोज खेल की लोकप्रियता भारत में तेजी से बढ़ेगी और युवा खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय अवसर प्राप्त होंगे।