ग्रामोत्थान शिविरों से किसानों को त्वरित राहत, फार्म पोण्ड योजना का मिला सीधा लाभ | उदयपुर
उदयपुर जिले में ग्रामोत्थान शिविरों के माध्यम से किसानों को फार्म पोण्ड योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ मिला। शिविरों में मौके पर ही वित्तीय स्वीकृति देकर किसानों को राहत प्रदान की गई।
ग्रामोत्थान शिविरों से किसानों को त्वरित राहत, योजनाओं का मिला मौके पर लाभ
उदयपुर | 5 फरवरी
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में संचालित ग्रामोत्थान शिविर (सशक्त किसान–समृद्ध राजस्थान) अभियान के तहत उदयपुर जिले के विभिन्न गिरदावर सर्किलों में आयोजित शिविरों के माध्यम से किसानों और ग्रामीणों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा एवं त्वरित लाभ प्रदान किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर नमित मेहता ने बताया कि गिरदावर सर्किल ईसवाल मुख्यालय स्थित ग्राम पंचायत ईसवाल में गुरुवार को आयोजित ग्रामोत्थान शिविर में ग्राम डूलावतो का गुड़ा निवासी वाली बाई पत्नी बंसीलाल पालीवाल को कृषि विभाग की फार्म पोण्ड योजना के अंतर्गत 73 हजार 500 रुपये की वित्तीय स्वीकृति मौके पर ही प्रदान की गई।
मौके पर स्वीकृति मिलने से लाभार्थी ने खुशी जताई और राज्य सरकार एवं ग्रामोत्थान शिविरों की पहल की सराहना की।

इसी प्रकार गिरदावर सर्किल घासा की ग्राम पंचायत घासा में हनुमान पार्क में आयोजित ग्रामोत्थान शिविर में कृषि विभाग द्वारा श्री परता पिता प्यारा को फार्म पोण्ड निर्माण के लिए 63 हजार रुपये की सब्सिडी राशि प्रदान की गई।
लाभार्थी ने बताया कि पूर्व में सिंचाई के लिए पानी की गंभीर समस्या के कारण खेती प्रभावित हो रही थी, लेकिन फार्म पोण्ड निर्माण से अब वर्षा जल संग्रह संभव हुआ है, जिससे सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ हुई और फसल उत्पादन में वृद्धि हुई है।
शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने किसानों के हित में त्वरित निर्णय एवं लाभ पहुंचाने की इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
ग्रामोत्थान शिविरों के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच रहा है।




