ग्राम उत्थान शिविर–2026: उदयपुर जिले में किसानों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ, खिले चेहरे

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर ग्राम उत्थान शिविर–2026 के तहत उदयपुर जिले के विभिन्न आईएलआर सर्कल में शिविर आयोजित हुए। किसानों और आमजन को सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ मिला।

ग्राम उत्थान शिविर–2026: उदयपुर जिले में किसानों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ, खिले चेहरे

ग्राम उत्थान शिविर–2026: जिलेभर में आयोजित शिविरों से किसानों और आमजन को मिली त्वरित राहत

उदयपुर, 5 फरवरी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर में किसानों एवं आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम उत्थान शिविर–2026 के तहत गुरुवार को उदयपुर जिले के विभिन्न गिरदावर (आईएलआर) सर्कल में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में समस्याओं का मौके पर समाधान होने से आमजन में संतोष नजर आया और लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे।

जिले के फलासिया, गुड़ली, घासा, करणपुर, बड़गांव, पुनावली, महाडी, कोजावाड़ा, बड़ला, कनबई एवं ईसवाल सहित विभिन्न ग्रामों में आयोजित शिविरों का वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया तथा विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

फलासिया शिविर में करोड़ों की योजनाओं को मिली स्वीकृति

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री सुधीर वर्मा ने बताया कि फलासिया में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गईं। शिविर में एसडीएम, बीडीओ, तहसीलदार, समाजसेवी श्री भेरूलाल प्रजापत, किसान नेता श्री प्रेमचंद, जिला परिषद सदस्य श्री धूलीराम एवं वार्ड पंच श्री रोशन लाल भगोरा द्वारा लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

बैलों द्वारा खेती योजना के अंतर्गत 60 किसानों को 30-30 हजार रुपये की दर से कुल 18 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त कृषि यंत्रों हेतु 1.25 लाख रुपये, वहीं दो लाभार्थियों को 1.10-1.10 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई। गोवर्धन जैविक योजना के तहत 15 कृषकों को 10-10 हजार रुपये की दर से कुल 1.50 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई।

इस अवसर पर सहायक कृषि अधिकारी श्री हरिराम डामोर, कृषि पर्यवेक्षक सुश्री रितु राणावत एवं श्री कमलेश खराड़ी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। 

घासा शिविर का जिला परिषद सीईओ ने किया निरीक्षण

मावली क्षेत्र के घासा में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का जिला परिषद सीईओ सुश्री रीया डाबी ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में मौजूद विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए तथा लाभार्थियों को मौके पर लाभ वितरित किए।

16 विभागों की सहभागिता, एक ही स्थान पर मिले कई लाभ

ग्राम उत्थान शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, राजस्व, कृषि विपणन, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित कुल 16 विभागों की सक्रिय सहभागिता रही।

शिविरों में तारबंदी, पाइपलाइन, फार्म पोंड, बैलों से खेती योजना के अंतर्गत प्रोत्साहन राशि की स्वीकृति, सॉइल हेल्थ कार्ड एवं बीज मिनीकिट वितरण का सत्यापन किया गया। साथ ही फव्वारा व ड्रिप सिंचाई, प्लास्टिक मल्च, सौर पंप संयंत्र, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना, स्वामित्व कार्ड वितरण, नहरों एवं खालों की मरम्मत की आवश्यकता का चिन्हीकरण, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पंजीकरण तथा युवा स्वरोजगार योजना से संबंधित कार्य भी संपादित किए गए। 

हाथों-हाथ समाधान से बढ़ा भरोसा

शिविरों में एक ही स्थान पर समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ मिलने से किसानों और ग्रामीणों में सरकार के प्रति भरोसा मजबूत हुआ। मौके पर ही लाभ मिलने से आमजन के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ झलकती नजर आई।