ग्राम उत्थान शिविरों में किसानों को मिली बड़ी राहत, योजनाओं का हाथों-हाथ लाभ | उदयपुर

उदयपुर जिले में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों में किसानों को कृषि यंत्र, जैविक खेती एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं का हाथों-हाथ लाभ मिला। 13 विभागों की सेवाओं से आमजन को बड़ी राहत।

ग्राम उत्थान शिविरों में किसानों को मिली बड़ी राहत, योजनाओं का हाथों-हाथ लाभ | उदयपुर

ग्राम उत्थान शिविरों में किसानों को मिली बड़ी राहत, योजनाओं का हाथों-हाथ लाभ

5 किसानों को कृषि यंत्र, 12 को जैविक खेती हेतु वित्तीय सहायता

उदयपुर, 1 फरवरी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे ग्राम उत्थान अभियान के तहत रविवार को उदयपुर जिले के सात गिरदावर सर्कल क्षेत्रों में ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में किसानों एवं आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का हाथों-हाथ लाभ प्रदान किया गया, जिससे ग्रामीणों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ नजर आया।

पंचायत समिति फलासिया अंतर्गत गिरदावर सर्कल कोल्यारी में आयोजित शिविर किसानों के लिए बड़ी सौगात लेकर आया। शिविर प्रभारी प्रतापसिंह मीणा के निर्देशन में कृषि विभाग द्वारा 5 किसानों को कृषि यंत्रों के लिए वित्तीय स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इसके साथ ही गोवर्धन जैविक खेती योजना के तहत 12 किसानों को 10-10 हजार रुपये की वित्तीय सहायता के स्वीकृति पत्र मौके पर ही प्रदान किए गए।

शिविर में 2 किसानों को खेत तलाई योजना तथा 2 किसानों को बैलों से खेती योजना के अंतर्गत वित्तीय स्वीकृति दी गई। योजनाओं का त्वरित लाभ मिलने से किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं जिला प्रशासन का आभार जताया।

रविवार को जिले के बंबोरा, मावली, खैरोदा, वास, मामेर, कोल्यारी एवं माकड़ादेव क्षेत्रों में ग्राम उत्थान शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, राजस्व, कृषि विपणन, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज सहित कुल 13 विभागों ने भाग लिया।

शिविरों में तारबंदी, पाइपलाइन, फार्म पौंड, बैलों से खेती योजना के तहत प्रोत्साहन राशि की स्वीकृतियां, सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, बीज मिनीकिट सत्यापन, फव्वारा व ड्रिप सिंचाई, प्लास्टिक मल्च, सौर पंप संयंत्र की स्वीकृतियां एवं मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता योजना के आवेदनों पर कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही स्वामित्व कार्ड वितरण, नहरों व खालों की मरम्मत की आवश्यकताओं का चिन्हीकरण, प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत पंजीकरण तथा युवा स्वरोजगार योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण कार्य भी संपादित किए गए। शिविरों में योजनाओं का सीधा लाभ मिलने से किसानों और ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे।