राउमावि मटून में साइकिल वितरण, कक्षा 9 की छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिलें

उदयपुर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मटून में सत्र 2025-26 के तहत कक्षा 9 की छात्राओं को निःशुल्क साइकिल वितरण किया गया। कार्यक्रम में विधायक फुल सिंह माण सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

राउमावि मटून में साइकिल वितरण, कक्षा 9 की छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिलें

साइकिलें पाकर खिले बेटियों के चेहरे

राउमावि मटून में साइकिल वितरण समारोह आयोजित

उदयपुर, 9 फरवरी।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मटून में सोमवार को राज्य सरकार की निःशुल्क साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत कक्षा 9 में अध्ययनरत छात्राओं को सत्र 2025-26 हेतु साइकिलें वितरित की गईं। साइकिलें पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रधान सतीश कुमार व्यास ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में उदयपुर ग्रामीण विधायक फुल सिंह माण उपस्थित रहे। समारोह में समाजसेवी कमलेश शर्मा, सीबीईओ दुर्गेश मेनारिया, समाजसेवी हिम्मतसिंह देवड़ा, शंकर डांगी, नजर सिंह देवड़ा, गणेश व्यास, मोती लाल व्यास, भंवरसिंह देवड़ा, ब्रह्मदत्त शर्मा एवं पंकज पालीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। 

संस्थाप्रधान सतीश कुमार व्यास ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ संसाधनों की आवश्यकता एवं विभिन्न अभाव-अभियोगों की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक फुल सिंह माण ने छात्राओं को नियमित अध्ययन और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव है तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मंच संचालन विद्यालय के व्याख्याता विक्रम सिंह देवड़ा ने किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।