ग्राम उत्थान शिविर बने किसानों के लिए वरदान, उदयपुर में हजारों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल से उदयपुर जिले में आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों में किसानों को कृषि यंत्र, फार्म पॉण्ड, तारबंदी और जैविक खेती योजनाओं का सीधा लाभ मिला।

ग्राम उत्थान शिविर बने किसानों के लिए वरदान, उदयपुर में हजारों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ

ग्राम उत्थान शिविर बने किसानों के लिए वरदान, उदयपुर में हजारों लाभार्थियों को मिला सीधा फायदा

उदयपुर, 9 फरवरी।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशील सोच और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में चलाए जा रहे “ग्राम उत्थान शिविर : सशक्त किसान–समृद्ध राजस्थान की ओर एक कदम” अभियान ने प्रदेशभर में सकारात्मक असर दिखाया है। उदयपुर जिले में अभियान के अंतिम दिन सोमवार को आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों ने भाग लेकर राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाया। 

जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के 8 गिरदावर सर्कल में एक साथ शिविर आयोजित किए गए। इनमें कुराबड़ तहसील के जिंक स्मेल्टर क्षेत्र, मावली के फतेहनगर सनवाड़, वल्लभनगर के मेनार, सायरा के पदराणा व सायरा, फलासिया तहसील के मादड़ी, ऋषभदेव तथा बड़गांव क्षेत्र शामिल रहे। शिविरों में हजारों ग्रामीणों को मौके पर ही योजनाओं की स्वीकृति और लाभ प्रदान किए गए।

कृषि यंत्रों पर मिला भारी अनुदान, किसानों के चेहरे खिले

बड़गांव पंचायत समिति परिसर में आयोजित शिविर में कृषि विभाग की कृषि यंत्र योजना एवं गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के तहत कई किसानों को अनुदान राशि स्वीकृत की गई। उपखण्ड अधिकारी लतिका पालीवाल ने बताया कि लखावली निवासी भैरूलाल पुत्र चेना डांगी को मल्टी क्रॉप थ्रेसर हेतु 1 लाख 25 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया गया।

इसके अलावा प्रेमीबाई किशनलाल डांगी को कुट्टी मशीन पर 50 हजार, सोहन पुत्र नारू डांगी व रामलाल पुत्र रोडाजी डांगी को चाफ कटर पर 15-15 हजार, एकलिंग पुत्र नंदा डांगी को 14 हजार, उकार पुत्र धीरा को 12 हजार 500, मोतीबाई प्रकाश डांगी को 10 हजार 900 तथा हीरालाल नगजी डांगी को कल्टीवेटर पर 17 हजार 500 रुपये का अनुदान दिया गया।

जैविक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना के अंतर्गत उंकार पुत्र धीरा, मांगीलाल पुत्र कुका, उदयलाल पुत्र गोपा, सोहनलाल पुत्र नाथूलाल एवं दौलतसिंह पुत्र हेमसिंह को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

फार्म पॉण्ड व तारबंदी योजना से किसानों को बड़ी राहत

फलासिया तहसील के मादड़ी गिरदावर सर्कल में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में 16 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर प्रभारी तहसीलदार अभिषेक दरंगा एवं अतिरिक्त विकास अधिकारी लक्ष्मण सिंह गरासिया की मौजूदगी में किसानों को योजनाओं का लाभ दिया गया।

इस दौरान जगदीश पिता शंकर लाल कसौटा को फार्म पॉण्ड योजना में 73 हजार 500 रुपये, कृष्णगोपाल को कृषि यंत्र योजना में 66 हजार रुपये तथा कल्पेश पिता बद्रीलाल गुर्जर को तारबंदी योजना में 48 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही मृदा स्वास्थ्य कार्ड, गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना, कंपोस्ट इकाई संरचना तथा बैलों से खेती प्रोत्साहन योजना के तहत भी स्वीकृति आदेश वितरित किए गए।

सरकार की पहल की सराहना

शिविरों में मौके पर ही लाभ मिलने से किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं राज्य सरकार की इस पहल को किसान हित में ऐतिहासिक बताते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में शासन को सीधे जनता से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।