ग्राम उत्थान अभियान 2026: खेती करते हुए युवक की मौत, सरकार ने दिया 2 लाख का सहारा | उदयपुर समाचार

उदयपुर के गोगुन्दा में ग्राम उत्थान अभियान 2026 के तहत खेती के दौरान मृत 22 वर्षीय युवक के पिता को मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना में 2 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

ग्राम उत्थान अभियान 2026: खेती करते हुए युवक की मौत, सरकार ने दिया 2 लाख का सहारा | उदयपुर समाचार

ग्राम उत्थान अभियान 2026: खेती करते हुए बुझा 22 साल का ‘चिराग’, सरकार बनी संकट में सहारा

ग्राम उत्थान शिविर में शोकाकुल पिता को सौंपा गया 2 लाख रुपये का सहायता चेक

उदयपुर, 9 फरवरी।
जब शासन संवेदनशील होता है, तब पीड़ा में डूबे परिवारों को संबल मिलता है और टूटते हौसलों में नई उम्मीद जागती है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर उदयपुर जिले में आयोजित ग्राम उत्थान अभियान–2026 के अंतर्गत लगाए जा रहे ग्राम उत्थान शिविर, ऐसे ही मानवीय संवेदना से जुड़े उदाहरण पेश कर रहे हैं। ये शिविर न केवल योजनाओं का लाभ पहुंचा रहे हैं, बल्कि संकट की घड़ी में सरकार के साथ खड़े होने का भरोसा भी जगा रहे हैं। 

ऐसा ही एक भावुक दृश्य रविवार को गोगुन्दा उपखंड के ग्राम बिलडिया में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर में देखने को मिला, जहां एक किसान परिवार के गहरे जख्मों पर सरकार की सहायता मरहम बनी।

ग्राम बिलडिया निवासी 22 वर्षीय पुष्कर सिंह अपने पिता सोहन सिंह के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता था। खेत में बाड़ और सफाई का कार्य करते समय अचानक किसी जहरीले जीव—संभावित रूप से सांप—के काटने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल महाराणा भूपाल चिकित्सालय, उदयपुर लेकर पहुंचे, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद पुष्कर सिंह की जान नहीं बच सकी।

परिवार का सबसे युवा, मेहनती और भविष्य की उम्मीद माना जाने वाला सदस्य असमय दुनिया छोड़ गया। पीछे रह गए बुजुर्ग माता-पिता, बड़ा भाई और छोटी बहन। पिता सोहन सिंह ने बताया कि वे अपने दोनों बेटों की शादी एक साथ करना चाहते थे। रिश्तों की बातचीत भी चल रही थी और दिवाली के बाद विवाह की योजना थी, लेकिन हादसे ने सारे सपनों को चकनाचूर कर दिया।

इस कठिन समय में राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री कृषक साथी योजना शोकाकुल परिवार के लिए सहारा बनकर सामने आई। ग्राम उत्थान शिविर के दौरान उपखंड अधिकारी गोगुन्दा श्री शुभम् भैसारे के निर्देशन में कृषि विपणन विभाग द्वारा मृतक के पिता श्री सोहन सिंह को 2 लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा गया। 

जब पिता ने कांपते हाथों से चेक थामा, तो उनकी आंखों में बेटे को खोने का गहरा दर्द साफ झलक रहा था, लेकिन साथ ही यह संतोष भी था कि संकट की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है। यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उस परिवार के लिए एक उम्मीद की किरण बनकर आई। सोहन सिंह ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर समाजसेवी निखिल कोठारी, निवर्तमान उपप्रधान लक्ष्मण सिंह झाला, तहसीलदार प्रवीण कुमार सैनी, अतिरिक्त विकास अधिकारी देवेंद्र कुमार, कृषि मंडी से हितेश कुमार तथा कृषि विभाग से तुषार कुमार उपस्थित रहे। सभी ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

ग्राम उत्थान अभियान के तहत आयोजित ये शिविर यह संदेश दे रहे हैं कि सरकार केवल योजनाओं तक सीमित नहीं, बल्कि आमजन के दुख-दर्द में सहभागी बनकर उनके साथ खड़ी है।