स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल मेहता का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
उदयपुर के वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल मेहता का निधन। सांसद व कलेक्टर ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित किए। अशोक नगर मोक्ष धाम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल मेहता का निधन, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
उदयपुर, 23 दिसंबर।
वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल मेहता का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन से उदयपुर जिले सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आज़ादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले मेहता के जाने से समाज ने एक प्रेरणास्रोत व्यक्तित्व खो दिया।
स्वर्गीय मेहता की पार्थिव देह को डोरे नगर स्थित उनके निवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, जिला कलेक्टर नमित मेहता, एडीएम सिटी सहित अन्य अधिकारियों ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

जिला प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता सेनानी मनोहर लाल मेहता को अंतिम विदाई पूरे राजकीय सम्मान के साथ दी गई। अशोक नगर मोक्ष धाम में राजकीय सम्मान के अनुरूप अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
स्वर्गीय मेहता का जीवन देशभक्ति, त्याग और समाज सेवा का प्रतीक रहा। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।



