बार एसोसिएशन उदयपुर में विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर हुआ भव्य जाप आयोजन

बार एसोसिएशन उदयपुर में विश्व नवकार महामंत्र दिवस पर हुआ भव्य जाप आयोजन

उदयपुर, 9 अप्रैल 2026। विश्व नवकार महामंत्र दिवस के उपलक्ष्य में बार एसोसिएशन उदयपुर द्वारा गुरुवार को बार सभागार में नवकार महामंत्र जाप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे से 11:00 बजे तक श्रद्धा एवं आस्था के साथ संपन्न हुआ, जिसमें विश्व कल्याण एवं शांति की कामना के साथ सामूहिक रूप से नवकार महामंत्र का जाप किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश महेंद्र कुमार मेहता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष जितेंद्र जैन, उपाध्यक्ष महेन्द्र मेनारिया, महासचिव लोकेश गुर्जर, सचिव आशीष कुमार कोठारी, वित्त सचिव धर्मेंद्र सोनी तथा पुस्तकालय सचिव विनोद ओदीच्य सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण मौजूद रहे।

सभी उपस्थित अधिवक्ताओं ने श्रद्धा भाव से नवकार महामंत्र का जाप कर विश्व में शांति, सौहार्द एवं मानव कल्याण की मंगलकामना की। आयोजन के समापन पश्चात सभी उपस्थितजनों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।