लूनी नदी में जल संरक्षण की अनोखी पहल: भाजपा नेता चंद्र प्रकाश शर्मा ने उठाई ऐनीकट निर्माण की मांग

भाजपा नेता एडवोकेट चंद्र प्रकाश शर्मा ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल मंत्री को पत्र लिख लूनी नदी क्षेत्र में जल संरक्षण हेतु छोटे ऐनीकट और वॉटर स्टॉपर निर्माण की मांग की है।

लूनी नदी में जल संरक्षण की अनोखी पहल: भाजपा नेता चंद्र प्रकाश शर्मा ने उठाई ऐनीकट निर्माण की मांग
लूनी नदी में जल संरक्षण की अनोखी पहल: भाजपा नेता चंद्र प्रकाश शर्मा ने उठाई ऐनीकट निर्माण की मांग

गुड़ामालानी (बाड़मेर)।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में बहने वाली लूनी नदी को लेकर भाजपा नेता और एडवोकेट चंद्र प्रकाश शर्मा ने जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने मंगलवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय जल संसाधन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और क्षेत्रीय विधायक एवं राज्य मंत्री के.के. बिश्नोई को पत्र लिखकर लूनी नदी क्षेत्र के विकास के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

शर्मा ने पत्र में सुझाव दिया है कि लूनी नदी, जिसे "मालानी की मरुगंगा" भी कहा जाता है, को बारहमासी नदी के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। इसके लिए माही और चंबल नदी के अतिरिक्त पानी को लूनी में जोड़ने वाली परियोजनाओं को गति दी जानी चाहिए।

छोटे ऐनीकट और वॉटर स्टॉपर होंगे फायदेमंद

उन्होंने यह भी मांग की कि सिणधरी से गांधव पुल तक और आगे बहाव क्षेत्र में हर 100–200 मीटर पर छोटे-छोटे 2 से 3 फीट ऊंचे ऐनीकट और वॉटर स्टॉपर बनाए जाएं। इन संरचनाओं से मानसून के दौरान बहने वाला बहुमूल्य जल रोका जा सकेगा, जो अन्यथा कच्छ की खाड़ी में व्यर्थ बह जाता है।

किसानों और पर्यावरण को होगा लाभ

यह जल संरचना क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई सुविधा, कुओं और भूजल स्तर में वृद्धि, और पेयजल संकट के समाधान में मदद करेगी। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, और स्थानीय पशु-पक्षियों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होगा।

सरकारी योजना में शामिल करने की मांग

शर्मा ने यह भी सुझाव दिया कि इस परियोजना को केंद्र सरकार की जल संवर्धन योजना में शामिल कर इसका क्रियान्वयन किया जा सकता है। पारंपरिक जल स्रोतों के जीर्णोद्धार और उनके आधुनिक उपयोग के उद्देश्य से यह कदम बहुत उपयोगी होगा।

भाजपा नेता ने इस पहल को क्षेत्र की खुशहाली और सतत विकास की दिशा में एक मील का पत्थर बताया और प्रशासन से इस पर शीघ्र कार्यवाही की मांग की है।