एशियाई लैक्रोज में दोहरा स्वर्ण: उदयपुर में अंतरराष्ट्रीय विजेताओं का ऐतिहासिक सम्मान

एशियाई लैक्रोज गेम्स में महिला व पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों का उदयपुर में भव्य नागरिक अभिनंदन, रैली और सम्मान समारोह आयोजित।

एशियाई लैक्रोज में दोहरा स्वर्ण: उदयपुर में अंतरराष्ट्रीय विजेताओं का ऐतिहासिक सम्मान

एशियाई लैक्रोज में दोहरी स्वर्ण विजय: उदयपुर में अंतरराष्ट्रीय विजेताओं का ऐतिहासिक नागरिक अभिनंदन

उदयपुर, 9 फरवरी।
रियाद (सऊदी अरब) में आयोजित एशियाई लैक्रोज गेम्स में महिला एवं पुरुष—दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले भारतीय लैक्रोज दल का उदयपुर आगमन पर भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का परचम लहराने वाले इन होनहार खिलाड़ियों के सम्मान में पूरा नगर उत्सव और गर्व के रंग में रंगा नजर आया।

मुंबई से बस द्वारा महाराणा प्रताप खेल गांव पहुंचे खिलाड़ियों का परिजन, स्थानीय नागरिक, खेल संगठनों के प्रतिनिधि एवं सैकड़ों खेल प्रेमियों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और देशभक्ति नारों के साथ भावभीना स्वागत किया। इस अवसर पर भारतीय महिला टीम की कप्तान सुनीता मीणा, जुला कुमारी गुर्जर, मीरा दौजा, यशिष्ठा बत्रा, डाली गमेती, रोशनी बोस, मुकन कुमारी गुर्जर एवं जानवी राठौड़, वहीं पुरुष वर्ग से मोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, दयाशंकर गमेती, नारायणलाल गमेती, निशांत नागदा तथा प्रशिक्षक नीरज बत्रा का पुष्पमालाएं पहनाकर अभिनंदन किया गया।
इस स्वागत समारोह में कश्ती फाउंडेशन की संस्थापक श्रद्धा मुर्डिया सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।

खेल गांव से खिलाड़ियों की एक विशाल रैली निकाली गई, जो देशभक्ति नारों और संगीत की धुनों के साथ आरटीओ स्थित गोपेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। वहां खिलाड़ियों ने दर्शन कर देश, प्रदेश और टीम की निरंतर सफलता की कामना की। इसके बाद पंजाबी बाग गार्डन में आयोजित अभिनंदन समारोह में वरिष्ठ नागरिक अशोक शर्मा के नेतृत्व में खिलाड़ियों की माताओं एवं बहनों ने आरती कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूरा परिसर तिरंगों, फूलों और उल्लास से गूंज उठा।

इसके पश्चात स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी संभागीय आयुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां लैक्रोज खेल की प्रवर्तक एवं उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने सभी खिलाड़ियों को शाल, उपरणा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों के परिजनों और ग्रामवासियों ने लैक्रोज खेल के विकास, अभ्यास मैदान, स्पॉन्सरशिप और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में मिले सहयोग के लिए संभागीय आयुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में आयुक्त जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग कन्हैयालाल स्वामी की उपस्थिति भी रही, जिनके छात्रावास सुविधा संबंधी प्रयासों की सराहना की गई।

इसके बाद खिलाड़ियों का काफिला रामपुरा चौराहा पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में मौजूद खेल प्रेमियों ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। वहां से भव्य जुलूस ग्राम पंचायत धार पहुंचा, जहां आतिशबाजी के बीच ग्रामीणों ने विजेता खिलाड़ियों को कंधों पर उठाकर पूरे गांव में भ्रमण कराया। क्षेत्र देशभक्ति और गर्व के वातावरण से ओत-प्रोत हो गया।

उदयपुर प्रशासन द्वारा गांधी ग्राउंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक फेस्टिवल के दौरान भी हजारों दर्शकों ने “भारत माता की जय” और “इंडिया-इंडिया” के नारों से खिलाड़ियों का जोरदार अभिनंदन किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने भी खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अभूतपूर्व सम्मान और जनसमर्थन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है। एशियाई लैक्रोज में हासिल की गई यह ऐतिहासिक स्वर्णिम सफलता न केवल उदयपुर बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।