राजस्थान के नीरज बत्रा बने भारतीय लैक्रोज टीम के प्रशिक्षक | एशियन लैक्रोज गेम्स 2025 में रियाद में भारत का प्रतिनिधित्व

उदयपुर के नीरज बत्रा को लेक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया ने रियाद में होने वाले एशियन लैक्रोज गेम्स 2025 के लिए भारतीय टीम का प्रशिक्षक नियुक्त किया है। राजस्थान के 14 खिलाड़ियों का हुआ चयन।

राजस्थान के नीरज बत्रा बने भारतीय लैक्रोज टीम के प्रशिक्षक | एशियन लैक्रोज गेम्स 2025 में रियाद में भारत का प्रतिनिधित्व

राजस्थान के नीरज बत्रा बने भारतीय लैक्रोज टीम के प्रशिक्षक — रियाद में एशियन लैक्रोज गेम्स में संभालेंगे कमान
उदयपुर, 10 नवम्बर 2025

राजस्थान के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण — उदयपुर के नीरज बत्रा को लेक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आगामी एशियन लैक्रोज गेम्स 2025 में भारतीय टीम का मुख्य प्रशिक्षक (Coach) नियुक्त किया गया है। यह प्रतियोगिता 17 से 23 नवंबर तक रियाद (सऊदी अरब) में आयोजित होगी।

राजस्थान लैक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी ने बताया कि नीरज बत्रा वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धार (उदयपुर) में शारीरिक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने नेतृत्व और प्रशिक्षण के दम पर राजस्थान लैक्रोज टीम को पिछले तीन वर्षों में राष्ट्रीय स्तर पर अभूतपूर्व सफलता दिलाई है।

बत्रा के निर्देशन में राजस्थान की सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर पुरुष एवं महिला टीमों ने अब तक 20 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 13 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया है।

पिछले एशियन लैक्रोज गेम्स में भी भारतीय टीम ने रजत पदक जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई थी। विशेष बात यह है कि उस टीम में सात खिलाड़ी उदयपुर के जनजातीय क्षेत्र से थीं, जिसने यह साबित किया कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती।

इस वर्ष रियाद में होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय टीम में राजस्थान के कुल 14 खिलाड़ी (9 महिला व 5 पुरुष) शामिल किए गए हैं, जिनमें अधिकांश खिलाड़ी उदयपुर के आदिवासी अंचल से हैं। यह प्रदेश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

नीरज बत्रा की नियुक्ति पर उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, विधायक फूल सिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, जिला कलेक्टर नामित मेहता, यूडीए आयुक्त राहुल जैन, समाजसेवी श्रद्धा मुर्डिया, डॉ. प्रकाश जैन, जिला खेल अधिकारी डॉ. महेश पालीवाल, जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश भारती, दीपक गौड़, डॉ. सत्यनारायण सुथार सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने बधाई दी है।

नीरज बत्रा ने इस अवसर पर कहा कि —

“यह सम्मान न केवल मेरा, बल्कि पूरे राजस्थान और विशेषकर उन ग्रामीण व जनजातीय खिलाड़ियों का है जिन्होंने सीमित संसाधनों में भी खेल को अपनी पहचान बनाया है। मैं चाहता हूं कि आने वाले वर्षों में राजस्थान लैक्रोज भारत की रीढ़ बने।”