स्वच्छता अभियान से मनाई राज्य सरकार के 2 वर्ष की वर्षगांठ, उदयपुर में व्यापक सफाई
उदयपुर में राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर नगर निगम द्वारा व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक द्वारों और सार्वजनिक स्थानों की विशेष सफाई की गई।
स्वच्छता अभियान से मनाई राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने की वर्षगांठ, शहरभर में चला व्यापक सफाई अभियान
उदयपुर, 14 दिसंबर।
वर्तमान राज्य सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम उदयपुर द्वारा रविवार को शहरभर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर इस उपलब्धि को जनभागीदारी के साथ मनाया गया। दिनभर चले इस अभियान के दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक स्मारकों, सार्वजनिक स्थानों एवं सामुदायिक परिसरों में साफ-सफाई, श्रमदान एवं कचरा संग्रहण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं निगम कार्मिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

अभियान के शुभारंभ अवसर पर संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम प्रशासक प्रज्ञा केवलरमानी, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, अतिरिक्त जिला कलक्टर जितेंद्र ओझा, नगर निगम उपायुक्त दिनेश कुमार मंडोवरा, समाजसेवी गजपाल सिंह राठौड़, निवर्तमान पार्षद मदन दवे, लोकेश कोठारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में नगर निगम द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया है। इसके तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक सफाई कर स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें आम नागरिकों की सहभागिता सबसे अधिक महत्वपूर्ण है।

महाकाल मंदिर से हुई अभियान की शुरुआत
स्वच्छता अभियान का आगाज रविवार प्रातः महाकाल मंदिर परिसर से किया गया, जहां विशेष सफाई की गई। इसके साथ ही जगदीश मंदिर परिसर में भी साफ-सफाई अभियान चलाया गया। शहर के प्रमुख ऐतिहासिक द्वारों—उदयापोल गेट, सूरजपोल गेट, हाथीपोल गेट, चांदपोल गेट, अंबापोल गेट एवं ब्रह्मपोल गेट—की सफाई कर उन्हें स्वच्छ एवं आकर्षक बनाया गया।

इसके अतिरिक्त केन्द्रीय बस स्टैण्ड उदियापोल सहित शहर के सभी सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों पर भी विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान निगम के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक सुभाष चंद्र शर्मा, अधिशाषी अभियंता (यांत्रिक) लखन लाल बैरवा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखने में निरंतर सहयोग करें।



