वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष: उदयपुर में केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित

उदयपुर में केंद्रीय संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रवाद, जनजातीय गौरव वर्ष और बाल दिवस पर विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश दिए गए। सामूहिक वंदे मातरम गान और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष: उदयपुर में केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित

उदयपुर: वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष—स्वाधीनता संग्राम की आत्मा को समर्पित विशेष कार्यक्रम

उदयपुर, 14 नवंबर 2025। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो, उदयपुर क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पानेरियों की मादड़ी में वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सहायक निदेशक श्री रामेश्वर लाल मीणा ने वंदे मातरम गीत के इतिहास को भारत के स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा बताया। उन्होंने कहा कि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित यह गीत भारत माता की आराधना का प्रतीक है, जिसने जनमानस में राष्ट्रवाद की प्रखर ज्वाला जगाई। यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान क्रांतिकारियों की शक्ति, एकजुटता और जोश का आधार बना। 

जनजातीय गौरव दिवस पर विशेष संदेश

श्री मीणा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार 15 नवंबर 2024 से 15 नवंबर 2025 तक पूरे देश में जनजातीय गौरव वर्ष मना रही है, ताकि बिरसा मुंडा जैसी महान विभूतियों के विचारों और प्रेरणाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।

विद्यालय प्रबंधन ने रखा इतिहास और संस्कृति पर दृष्टिकोण

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंजू श्रीमाली ने कहा कि वंदे मातरम गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान समाज को जाति, धर्म और भाषा से ऊपर उठकर एकजुट किया। राजनीतिक सभाओं, आंदोलनों और संघर्षों में यह गीत साहस और प्रेरणा का स्रोत बना।

उप-प्राचार्या श्रीमती अंजना व्यास ने बाल दिवस पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, और उनका संरक्षण व सशक्तिकरण समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बच्चों से महान हस्तियों की जीवनियां पढ़ने की अपील की, जिससे उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिले। 

सामूहिक वंदे मातरम गान और प्रतियोगिताएं

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और स्टाफ द्वारा वंदे मातरम का सामूहिक गान किया गया। साथ ही वंदे मातरम, जनजातीय गौरव दिवस और बाल दिवस विषयों पर मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजेताओं को विभाग की ओर से सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार सहायक श्री रवि कुमार योगी ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ श्री लक्ष्मीनारायण (पीटीआई), श्रीमती भावना (लैब सहायक) सहित विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।