चाँदपोल सेवा समिति और श्री रामकृष्ण दल का अनूठा प्रयास, 5000 तुलसी पौधों का निःशुल्क वितरण
Free distribution of 5,000 Tulsi plants on Nirjala Ekadashi.
निर्जला एकादशी पर 5000 तुलसी पौधों का निःशुल्क वितरण
राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने दिया पर्यावरण एवं संस्कृति संरक्षण का संदेश

उदयपुर, 25 जून। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर चाँदपोल सेवा समिति एवं श्री रामकृष्ण दल के संयुक्त तत्वावधान में चाँदपोल बाहर स्थित जाड़ा गणेशजी प्रांगण में भव्य तुलसी पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 5000 तुलसी पौधों का निःशुल्क वितरण कर पर्यावरण संरक्षण, भारतीय संस्कृति एवं स्वास्थ्य संवर्धन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ तुलसी माता के विधिवत पूजन एवं आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं मेवाड़ के लोकप्रिय जननेता गुलाबचंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत चंद्रशेखर कुमावत द्वारा पगड़ी पहनाकर तथा रोहित चौबीसा एवं पवन कुमावत द्वारा उपरणा ओढ़ाकर किया गया।
अपने संबोधन में राज्यपाल श्री कटारिया ने तुलसी के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तुलसी भारतीय जीवन परंपरा का अभिन्न अंग है। प्रत्येक परिवार को अपने घर में तुलसी का पौधा स्थापित कर उसका संरक्षण एवं संवर्धन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तुलसी न केवल वातावरण को शुद्ध करती है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा एवं स्वास्थ्य लाभ का भी महत्वपूर्ण स्रोत है।
उन्होंने उदयपुर की जीवनरेखा कही जाने वाली पिछोला झील की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए नागरिकों से जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। साथ ही चाँदपोल क्षेत्र से अपने पुराने जुड़ाव एवं स्मृतियों को भी उपस्थित जनसमूह के साथ साझा किया।

कार्यक्रम में चाँदपोल क्षेत्र एवं शहरकोट के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बड़ी संख्या में आमजन को तुलसी पौधे वितरित किए। आयोजकों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता तथा भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को जन-जन तक पहुँचाना है।
इस अवसर पर चंद्रगुप्त सिंह चौहान, फतेह सिंह राठौड़, जतिन गांधी, सुरेंद्र द्विवेदी, अतुल चंडालिया, योगेश कुमावत, आकाश वागरेचा, दुर्गेश शर्मा, रंजीत दिगपाल, विजयलक्ष्मी कुमावत, दुर्गेश चौबीसा, प्रेम राव, महेंद्र ओझा, दीपक शर्मा, हीरालाल सोनी, नाहर सिंह, निर्मल चौबीसा, ललित कुमावत, प्रदीप अजमेरा एवं नंदलाल पहाड़िया सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन दीपक अजमेरा एवं निखिल पुरोहित द्वारा किया गया। अंत में कार्यक्रम व्यवस्था प्रमुख पंकज अजमेरा ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।





