जिला कलक्टर नमित मेहता ने वीसी से ली ग्राम उत्थान अभियान 2026 की समीक्षा बैठक

उदयपुर में जिला कलक्टर नमित मेहता ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्राम उत्थान अभियान 2026 की प्रगति की समीक्षा की। शिविरों में योजनाओं का लाभ आमजन तक समयबद्ध पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर नमित मेहता ने वीसी से ली ग्राम उत्थान अभियान 2026 की समीक्षा बैठक

जिला कलक्टर ने वीसी के माध्यम से ली ग्राम उत्थान अभियान की समीक्षा

आमजन को योजनाओं का समयबद्ध लाभ दिलाना सरकार की प्राथमिकता – जिला कलक्टर नमित मेहता

उदयपुर, 2 फरवरी।
राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप आमजन को सरकारी योजनाओं का अधिकतम और समयबद्ध लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला कलक्टर नमित मेहता ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्राम उत्थान अभियान–2026 के अंतर्गत आयोजित शिविरों की प्रगति की गहन समीक्षा की।

जिला कलक्टर ने 23 जनवरी से 1 फरवरी तक गिरदावर सर्कल स्तर पर आयोजित ग्राम उत्थान शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा दी गई सेवाओं की तहसीलवार एवं विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा स्पष्ट है—हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना। इसके लिए सभी अधिकारी गंभीरता, संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

कलक्टर श्री मेहता ने निर्देश दिए कि शिविरों से संबंधित समस्त सूचनाएं पोर्टल पर सही एवं अद्यतन रूप में अपलोड की जाएं। जिन क्षेत्रों में प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, वहां संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए शीघ्र सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शिविर केवल औपचारिकता बनकर न रह जाएं, बल्कि आमजन की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने आगामी 5 से 9 फरवरी तक प्रस्तावित शिविरों को लेकर प्री-कैम्प गतिविधियां प्रभावी ढंग से करने, लाभार्थियों की पूर्व पहचान, शिविरों के सुचारु आयोजन तथा शिविरों की सक्सेस स्टोरी फोटो-वीडियो सहित साझा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में एसआईआर के अंतर्गत दावे-आपत्तियों के निस्तारण तथा संपर्क पोर्टल पर राजस्व विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई और इनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके अलावा भूमिहीन पैक्स-लेम्पस के आवंटन प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

इस अवसर पर एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, सीईओ रिया डाबी, एसीईओ वीरमाराम, संयुक्त निदेशक कृषि विस्तार सुधीर कुमार वर्मा, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन विभाग मनोज जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, विकास अधिकारी एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।