उदयपुर के स्टार्टअप इकोसिस्टम को वैश्विक पहचान, TiE उदयपुर ने जीता अंतरराष्ट्रीय सम्मान

Udaipur's startup ecosystem gains global recognition; TiE Udaipur wins international honor.

उदयपुर के स्टार्टअप इकोसिस्टम को वैश्विक पहचान, TiE उदयपुर ने जीता अंतरराष्ट्रीय सम्मान

वैश्विक मंच पर चमका TiE उदयपुर, फ्रांस में मिला 'बेस्ट चैप्टर – श्रेणी B' सम्मान, अंकित तलेसरा बने नए अध्यक्ष


उदयपुर, 5 जुलाई। उदयपुर के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए गर्व का क्षण रहा, जब TiE उदयपुर को वर्ष 2026 के TiE ग्लोबल अवार्ड्स में 'बेस्ट चैप्टर – श्रेणी B' सम्मान से नवाजा गया। इस सम्मान की घोषणा फ्रांस के मार्सिले शहर में आयोजित TiE CM रिट्रीट के दौरान की गई। यह उपलब्धि उदयपुर एवं दक्षिणी राजस्थान में उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए चैप्टर द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों की वैश्विक पहचान है।


इसी क्रम में 4 जुलाई को उदयपुर स्थित बैम्बू सा रिज़ॉर्ट में आयोजित TiE उदयपुर की वार्षिक आम बैठक (AGM) में संगठन के नए नेतृत्व की घोषणा भी की गई। बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष संदीप बापना के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया तथा अंकित तलेसरा को वर्ष 2026–27 के लिए TiE उदयपुर का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
कार्यकारी निदेशक राहुल जिनगर ने कहा कि संदीप बापना के नेतृत्व में TiE उदयपुर ने मजबूत आधार तैयार किया, वहीं नए अध्यक्ष अंकित तलेसरा के नेतृत्व में संगठन का उद्देश्य उदयपुर और दक्षिणी राजस्थान के स्टार्टअप्स एवं युवा उद्यमियों को और अधिक अवसर, मार्गदर्शन तथा निवेश से जोड़ना रहेगा।
बैठक में वर्ष 2026–27 की नई कार्यकारिणी समिति की भी घोषणा की गई, जिसमें संदीप बापना, मनीष गोधा, आदित्य शाह, ऋषभ वर्दिया, विनय राठी, अजयराज आचार्य एवं दीपक भंसाली को शामिल किया गया।
TiE उदयपुर द्वारा वर्षभर संचालित कार्यक्रमों में TiEcon उदयपुर, TiE Young Entrepreneurs (TYE), TiE U, TiE Women, तथा TiE Angels एवं मेंटरिंग सर्कल्स प्रमुख हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, स्टार्टअप संस्थापकों, निवेशकों एवं मेंटर्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराया जाता है, जिससे क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को नई गति मिल रही है।
राहुल जिनगर ने कहा कि TiE उदयपुर का उद्देश्य महानगरों से बाहर के संस्थापकों के लिए पूंजी, मेंटरशिप और नेटवर्किंग तक पहुंच आसान बनाना है, ताकि दक्षिणी राजस्थान का स्टार्टअप इकोसिस्टम राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सके।


TiE (The Indus Entrepreneurs) एक वैश्विक गैर-लाभकारी संगठन है, जिसके 18 देशों में 60 से अधिक चैप्टर और 15,000 से अधिक सदस्य हैं। TiE उदयपुर क्षेत्र में उद्यमिता को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है।