जेएसजी वात्सल्य ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
जेएसजी वात्सल्य संस्था ने गीतांजलि हॉस्पिटल के पास श्री कल्याणेश्वर बालाजी पहाड़ी पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी सदस्यों ने मिलकर पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी ली।
पर्यावरण संतुलन जीवन का मूल आधार है और इसी सोच को साकार करते हुए जेएसजी वात्सल्य संस्था ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण पौधारोपण अभियान का आयोजन किया। यह आयोजन गीतांजलि हॉस्पिटल के पास स्थित श्री कल्याणेश्वर बालाजी मंदिर की पहाड़ी पर सम्पन्न हुआ, जहाँ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
संस्था के कोषाध्यक्ष श्री अशोक कूकड़ा ने जानकारी दी कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि आसपास के पुराने पौधों को भी पानी से सिंचित कर उनकी देखभाल की गई। साथ ही संस्था के अन्य सदस्यों ने यह संकल्प लिया कि सभी रोपे गए पौधों की तब तक देखरेख की जाएगी जब तक वे पूर्ण रूप से विकसित नहीं हो जाते।
इस कार्यक्रम के दौरान श्री भगवत सिंह मूरडिया एवं श्री अशोक पामेचा ने बताया कि पौधों के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए संस्था भविष्य में और अधिक स्थानों पर भी यह अभियान जारी रखेगी।
इस पुनीत अवसर पर संस्था के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष मेहता, सुरेन्द्र तलेसरा, वीरेन्द्र धनावत, नाथूलाल जैन, ठाकुरदास, दिलीप मेहता सहित अन्य सदस्य अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने मंदिर परिसर में विराजित हनुमान जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया एवं पर्यावरण संरक्षण के इस संकल्प को धार्मिक ऊर्जा से प्रेरित किया।