उदयपुर के कर्नल आदित्य जोशी को विशिष्ट सेवा मेडल, गणतंत्र दिवस 2026 पर राष्ट्र का सम्मान
77वें गणतंत्र दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर उदयपुर के कर्नल आदित्य जोशी (आर्मी मेडिकल कोर) को उनकी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा और सैन्य समर्पण के लिए विशिष्ट सेवा मेडल प्रदान किए जाने की घोषणा।
77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उदयपुर के कर्नल आदित्य जोशी को विशिष्ट सेवा मेडल
राष्ट्र ने चिकित्सा सेवा और सैन्य समर्पण को दिया सम्मान
उदयपुर।
उदयपुर के लिए गौरव का क्षण है। 77वें गणतंत्र दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर भारतीय सेना के आर्मी मेडिकल कोर में कार्यरत कर्नल आदित्य जोशी को विशिष्ट सेवा मेडल (वी.एस.एम.) से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें जून माह में राष्ट्र एवं सशस्त्र बलों के प्रति उनकी उत्कृष्ट, समर्पित और अनुकरणीय चिकित्सा सेवाओं के लिए प्रदान किया जाएगा।
कर्नल आदित्य जोशी ने आम्र्ड फोर्सेस मेडिकल कॉलेज (AFMC), पुणे से वर्ष 2001 में चिकित्सा स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके बाद वर्ष 2009 में एनेस्थेसिया में स्नातकोत्तर तथा वर्ष 2019 में मेदांता अस्पताल से गहन चिकित्सा (क्रिटिकल केयर) में पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप पूरी की। गहन चिकित्सा के क्षेत्र में उनका गहरा ज्ञान, संतुलित निर्णय क्षमता और रोगियों के प्रति समर्पित दृष्टिकोण उन्हें विशिष्ट पहचान दिलाता है।

कोविड-19 महामारी के कठिन दौर में कर्नल जोशी ने दिन-रात अथक परिश्रम करते हुए सैकड़ों गंभीर रोगियों का उपचार किया। विशेष रूप से एक्स्ट्रा कॉर्पोरियल मेम्ब्रेन ऑक्सीजनेशन (ECMO) जैसी अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से अत्यंत जटिल मामलों में जीवन रक्षक भूमिका निभाई। कोविड काल तथा उसके पश्चात किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें आर्मी कमांडर (पूर्वी कमान) एवं सेना अध्यक्ष (COAS) द्वारा प्रशंसा पत्र एवं मेडेलियन से भी सम्मानित किया जा चुका है।
वर्तमान में कर्नल आदित्य जोशी सशस्त्र बलों के सर्वाधिक प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान आर्मी हॉस्पिटल (रिसर्च एंड रेफरल) में गहन चिकित्सा विभागाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपने लगभग 25 वर्षों के गौरवपूर्ण सैन्य सेवा काल में उन्होंने सियाचिन, जम्मू-कश्मीर, असम, पश्चिम बंगाल, राजस्थान जैसे संवेदनशील क्षेत्रों के साथ-साथ संयुक्त राष्ट्र शांति सेना (लेबनान) में भी अपनी चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर राष्ट्र और सेना के प्रति अटूट समर्पण का परिचय दिया है।

कर्नल आदित्य जोशी द्वितीय पीढ़ी के सैन्य अधिकारी हैं। वे सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर (डॉ.) सी. पी. जोशी (आर्मी मेडिकल कोर) के सुपुत्र हैं। राष्ट्र सेवा और सैन्य अनुशासन उन्हें विरासत में प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि का श्रेय कर्नल जोशी अपनी जीवनसंगिनी श्रीमती अमृता जोशी को भी देते हैं, जिन्होंने उनके 12 से 18 घंटे तक चलने वाले कठिन कार्यकाल के दौरान परिवार को मजबूती से संभालते हुए हर कदम पर उनका साथ निभाया।
कर्नल आदित्य जोशी को मिला यह सम्मान न केवल उदयपुर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है और युवा पीढ़ी के लिए सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायक मिसाल है।




