उदयपुर: भीण्डर में अफीम-गांजा की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई, 3 साल से फरार आरोपी डिटेन

उदयपुर जिले के भीण्डर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम व गांजा की भारी फसल जब्त की। वहीं सूरजपोल थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में 3 साल से फरार इनामी आरोपी को गुजरात से डिटेन किया।

उदयपुर: भीण्डर में अफीम-गांजा की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई, 3 साल से फरार आरोपी डिटेन

भीण्डर में अफीम-गांजा की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई, सैकड़ों किलो मादक पौधे जब्त

सूरजपोल थाना पुलिस ने 3 साल से फरार हत्या के प्रयास के इनामी आरोपी को गुजरात से किया डिटेन

उदयपुर | 4 फरवरी 2026

उदयपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना भीण्डर और सूरजपोल की टीमों ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ओर जहां भारी मात्रा में अफीम और गांजा की अवैध फसल जब्त की, वहीं दूसरी ओर हत्या के प्रयास के मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे इनामी आरोपी को डिटेन किया है।

भीण्डर थाना क्षेत्र में अफीम और गांजा की अवैध खेती पकड़ी गई

जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर श्री योगेश गोयल के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा श्रीमती अंजना सुखवाल एवं वृताधिकारी वल्लभनगर श्री राजेन्द्र सिंह जैन के सुपरविजन में थाना भीण्डर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

थानाधिकारी श्री पूनाराम गुर्जर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 3 फरवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम पंचायत पाणुन्द के गांव भीखावनिया में रामदेव तिराये से कानोड़ रोड स्थित खेतों पर दबिश दी। मौके पर महेन्द्र सिंह पुत्र भैरूसिंह निवासी भीखावनिया के चार टुकड़ी खेतों से अवैध रूप से उगाई गई गांजा और अफीम की फसल बरामद की गई।

पुलिस ने गांजा की फसल के 10 बोरे हरे पौधे, जिनका कुल वजन 369.500 किलोग्राम तथा अफीम की फसल के 9 बोरे हरे पौधे, कुल वजन 597.880 किलोग्राम जब्त किए। इस संबंध में थाना भीण्डर पर प्रकरण संख्या 13/2026 धारा 8/18 एवं 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू किया गया है। मामले की जांच पुलिस निरीक्षक श्री सुरेश विश्नोई, थानाधिकारी पुलिस थाना खेरोदा द्वारा की जा रही है।

सूरजपोल थाना पुलिस की बड़ी सफलता, 3 साल से फरार आरोपी डिटेन

इधर, पुलिस थाना सूरजपोल की टीम ने हत्या के प्रयास के एक मामले में करीब तीन साल से फरार चल रहे इनामी अभियुक्त को पकड़ने में सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री उमेश ओझा एवं वृताधिकारी नगर पूर्व श्री सूर्यवीर सिंह के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी श्री रतन सिंह चौहान के नेतृत्व में सूरजपोल थाना पुलिस ने आसूचना एवं तकनीकी सहयोग के आधार पर प्रकरण संख्या 96/2023 धारा 307, 326, 34 भारतीय दंड संहिता में वांछित विधि से संघर्षरत बालक को गुजरात के पालनपुर से डिटेन किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए छत्तीसगढ़, मुंबई, मध्यप्रदेश और गुजरात के विभिन्न स्थानों पर नाम और हुलिया बदलकर फरारी काट रहा था।

फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।